शादी से लौट रहा था परिवार, सभी को लाया गया सीएचसी
पलियाकलां (खीरी)। पलिया-निघासन मार्ग पर रपटा पुल के पास आ रहे एक मैजिक वाहन को ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। इसमें मैजिक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के चार लोग जख्मी हो गए। उन्हें पलिया सीएचसी में भर्ती कराया गया। यह परिवार निघासन के लबेदपुर से शादी से लौट रहा था। इधर, चालक ट्रैक्टर ट्रॉली समेत भाग निकला।
पीलीभीत जनपद के थाना हजारा के ग्राम टिब्बा निवासी गुलाम रसूल का परिवार थाना निघासन क्षेत्र के ग्राम लबेदपुर में एक शादी में गया था। रविवार को पूरा परिवार मैजिक से टिब्बा लौट रहा था। मैजिक गुलाम रसूल का 30 वर्षीय पुत्र जाहिद अली चला रहा था। देर शाम वाहन जब पलिया-निघासन रोड पर ग्राम मलिनियां के रपटा पुल पर आया तो इधर से निघासन की ओर जा रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसे जोरदार टक्कर दी। टक्कर के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैजिक चला रहे जाहिद की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा उसमें सवार मृतक जाहिद का 22 वर्षीय भाई सरवर अली, उसका दस वर्षीय पुत्र शाहिद अली, आठ वर्षीय पुत्री यासमीन, उसकी 70 वर्षीय बुआ बिसमिल्लाह पत्नी शमशुद्दीन निवासी ग्राम लबेदपुर निघासन बुरी तरह से जख्मी हो गए। देर शाम होने के कारण सड़क पर आवाजाही कम थी। इसके चलते जख्मी काफी देर वहीं पडे़ रहे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उनको पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र्र में भर्ती कराया। शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।