यूरिया मिलाकर शराब बनाते एक धरा गया
निघासन। आबकारी टीम ने दिवाली के मद्देनजर कच्ची शराब के ठिकानों पर छापेमारी अभियान चलाया है, जिसके तहत टीम ने दर्जन भर गंावों में कार्रवाई के दौरान 180 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इस दौरान टीम ने करीब 2400 किग्रा लहन भी नष्ट किया। टीम ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सिंगाही में यूरिया खाद मिलाकर कर बनाई जा रही शराब बनाने की भट्ठी पकड़ी।
आबकारी निरीक्षक डीके वर्मा ने बताया कि क्षेत्र के गांव लुधौरी, पुरैना, रानीगंज, झउवापुरवा, खमरिया, दाराबोझी, दौलतापुर, खैरहनी, मदनापुर, दुबहा, सिंगाही आदि स्थानों पर छापा मारा गया। इस दौरान कई भट्ठियां मिलीं। टीम को देखकर शराब कारोबारी फरार हो गए। निघासन सिंगाही मार्ग पर तीसरी पुलिया के पास कुंडा नामक स्थान पर शराब बनाई जा रही थी, जहां छापेमारी के दौरान आरोपी फरार हो गया। शराब का परीक्षण कराया गया, तो उसमें यूरिया मिली है। इस मामले में सिंगाही के मोहल्ला बाढियन टोला निवासी धनीराम के खिलाफ कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। टीम ने खैरहनी निवासी मालती तथा झउवापुरवा निवासी प्रमोद के पास से 180 लीटर शराब बरामद की है। टीम ने शराब बनाने के उपकरणों को भी नष्ट करने का दावा किया है।