लखीमपुर खीरी। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से बुधवार को शहर के एक कॉलेज में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 843 युवा पहुंचे। इनमें 327 का विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के लिए चयन हुआ। चयनित युवाओं को मौके पर नियुक्ति पत्र दिए गए। उन्हें योग्यता के अनुसार आठ से 17 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा।
मेले में 10 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं के साक्षात्कार लिए और योग्यता के अनुसार रोजगार के लिए चयन किया। सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है। युवाओं को कौशल और व्यावसायिक दक्षता विकसित करनी चाहिए। महाविद्यालय के निदेशक चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं और रोजगार देने वाली संस्थाओं के बीच महत्वपूर्ण सेतु हैं।
जिला सेवायोजन अधिकारी विवेक शुक्ला ने युवाओं से सेवायोजन विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर समय-समय पर कंपनियों और संस्थानों में रोजगार के अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराई जाती है। सहायक सेवायोजन अधिकारी साक्षी डागुर ने युवाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।