लखीमपुर खीरी। सावधान, बंगाल की खाड़ी से उठने वाला फैनी चक्रवात शुक्रवार को जिले में आ सकता है। इससे सावधान रहें। फसलों को बचाएं और खुद भी सावधानी पूर्वक यात्रा करें।
मौसम विभाग से जारी पत्र के आधार पर डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने जिले में अलर्ट घोषित किया है। डीएम ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी में बने फैनी चक्रवात के कारण तीन मई को मामूली वर्षा और तीव्र पूर्वी हवा चलने की संभावना है, जिसके तहत आद्रता में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है। डीएम ने सलाह दी है कि नमी और तेल हवा से फसल को बचाने के लिए किसान और भंडार गृह खेत में कटी फसल, खुले में रखे अनाज और खेतों में तैयार खड़ी फसल को काटकर सुरक्षित स्थान पर रख लें।
आंधी और ओलावृष्टि से हुआ फसल को नुकसान, छप्पर उड़े
भीखमपुर। क्षेत्र में आई तेज आंधी के साथ हुई ओलावृष्टि से कई जगह पेड़ भी उखड़ गए। किसानों की तैयार फसल का हुआ नुकसान। बुधवार शाम आठ बजे क्षेत्र में आई तेज आंधी के साथ ही ओले भी गिरे। आंधी के साथ बड़े पेड़ भी गिर गए साथ ही पेड़ की डालें टूट गई। कई ग्रामीणों के घर पड़े छप्पर भी गिर गए। गांव इमलीखेड़ा, कुतुलुपुर, बीरमपुर, डोकरपुर, लालपुर, रामपुर, बबिहा, अवधपुर, कचियानी समेत क्षेत्र के कई गांवो में ओलावृष्टि होने से किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। किसान मेवालाल, सर्वेश, आत्माराम, संतोष समेत कई किसानों का कहना है कि तेज आंधी में गेहूं की कटी हुई फसल उड़ गई साथ ही जो गेहूं की तैयार फसल उसपर पत्थर गिरने से नुकसान हुआ है। कई ग्रामीणों के घर पड़े छप्पर भी गिर गए हैं।