लखीमपुर खीरी। ग्राम पंचायतों का कार्यकाल खत्म होने से पहले विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान कराने वाली जिले की 75 ग्राम पंचायतें जांच के दायरे में हैं। सीडीओ ने प्रत्येक ब्लाॅक से पांच-पांच ग्राम पंचायतों को चिह्नित कराया, जिन्होंने सर्वाधिक भुगतान निकाला है। इसमें 10 लाख से 33 लाख तक भुगतान निकालने निकालने वाली ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
प्रधानों का कार्यकाल 26 मई को खत्म हो गया है। पहले ही निर्देश दिए थे कि कोई भी ग्राम पंचायत गलत भुगतान नहीं करेगी, बावजूद इसके काफी ग्राम पंचायतों ने विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये का बजट निकाल लिया। ग्राम पंचायतों में प्रशासक नियुक्त होने के बाद सीडीओ ने अधिक भुगतान करने वाले गांवों की सूची निकालवाई। सबसे ज्यादा बांकेगंज ब्लाॅक के संसारपुर ग्राम पंचायत में 32 लाख से अधिक रुपये निकालने की पुष्टि हुई।
एक महीने में मोटा बजट निकालने पर सीडीओ मंगलवार को खुद ही गांव पहुंच गए। कुछ कार्यों की जांच कराई जो घटिया मिलीं। अन्य अनियमितताएं मिलने पर सचिव राकेश कुमार को निलंबित करते हुए पूरे मामले की जांच शुरू करा दी।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि अब हर ब्लाॅक की उन टॉप-5 ग्राम पंचायतों का डाटा निकाला है। इन ग्राम पंचायतों में जिन कामों का भुगतान किया गया है, उनका सत्यापन कराया जाएगा। गड़बड़ी मिलने पर रिकवरी के साथ ही सचिवों व प्रधानों पर कार्रवाई की जाएगी।