ओवरलोड ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, बेटा-बहू घायल
पलियाकलां।
पलिया-निघासन रोड पर मलिनियां के पास एक ओवरलोड गन्ने के ट्रक ने एक बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गांव मलिनियां निवासी बाइक चालक शिवशंकर, उनकी मां सुधा(55)और पत्नी घायल हो गईं। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान सुधा देवी की मौत हो गई। वहीं कमला की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गांव मलिनियां निवासी शिवशंकर, मां सुधा देवी और पत्नी कमला(25) के साथ बाइक से पलिया दवा लेने आ रहा था। शिवशंकर बाइक लेकर गांव से निकलकर जैसे ही स्टेट हाईवे पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे गन्ना लदे ओवरलोड ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों सड़क पर गिर गए। हादसे में बाइक पर सवार तीनों लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से तीनों को सीएचसी पलिया पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान सुधा देवी की मौत हो गई। डॉक्टर ने कमला देवी को प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसओ वीके सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक फरार है, अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।