बीएसए की अनूठी पहल से गुलजार हुए जिले भर के परिषदीय स्कूल
कक्षा तीन से आठ तक के बच्चे हुए शामिल, चयनित बच्चे 12 अगस्त को जिला स्तरीय परीक्षा में होंगे शामिल
बेसिक स्कूलों में बच्चों के बीच सामान्य ज्ञान बढ़ाने एवं उनके पाठ्यक्रम में रोचकता बढ़ाने के लिए प्रयास कार्यक्रम का मंगलवार को जिले भर में एक साथ आगाज हो गया। कक्षा तीन से आठ तक के बच्चे परीक्षा में शामिल हुए। बीएसए संजय कुमार शुक्ला की अनूठी पहल से पहली बार परिषदीय स्कूलों में काफी तादाद में बच्चे परीक्षा में शामिल हुए। कुछ स्कूलों में तो बच्चों की उपस्थित 90 से 95 फीसदी तक रही, जिससे शिक्षक और बीईओ काफी उत्साहित नजर आए। अंकों के आधार पर प्रत्येक ब्लाक से 12 बच्चे चयनित होंगे, जिसमें प्रत्येक कक्षा से एक-एक बालिका भी चयनित होगी। 12 अगस्त को सभी ब्लाक और नगर क्षेत्र से 192 बच्चे जिला स्तरीय परीक्षा में शामिल होंगे।
बताते चलें कि परिषदीय स्कूलों में शिक्षा की स्थिति में सुधार के लिए बीएसए ने 'प्रयास' परीक्षा का आयोजन कराया, जिसमें 50 अंकों का प्रश्नपत्र बच्चों को दिया गया। प्रश्नपत्र में अप्रैल, मई और जुलाई के सिलेबस के अलावा सामान्य ज्ञान के प्रश्न शामिल किए गए। बीईओ मुख्यालय सुरेश पाल ने बताया कि परीक्षा में बच्चों की उपस्थिति ओवरऑल 70 फीसदी रही है, जो सामान्य दिनों के मुकाबले दोगुनी से अधिक है। कुछ स्कूलों में 90 से 95 फीसदी छात्र परीक्षा में शामिल हुए। प्रत्येक ब्लाक से 12-12 बच्चे चयनित किए जाएंगे। 12 अगस्त को छाउछ स्थित बीआरसी पर जिला स्तरीय परीक्षा होगी, जिसमें 192 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस परीक्षा में टॉपर बच्चों को 15 अगस्त को सम्मानित किया जाएगा। निघासन और पलिया क्षेत्र के बाढ़ग्रस्त क्षेत्र के 10 से 15 स्कूलों में परीक्षा नहीं हो सकी है। बीएसए संजय शुक्ला ने कहा कि परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चों पर विभाग की विशेष नजर रहेगी। कक्षा पांच के बच्चों को विद्या ज्ञान और जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा दिलाई जाएगी। अन्य कक्षाओं के बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर दिलाने के लिए विभाग निरंतर प्रयास करेगा।
बिजुआ। बेसिक स्कूलों में प्रयास परीक्षा का प्रथम चरण शुरू हो गया। मंगलवार को बिजुआ के स्कूलों में अनेक बच्चों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। स्कूलों में परीक्षा के बाद चयनित बच्चों के बीच संकुल स्तर की परीक्षा भी कराई गई। बुधवार को बीआरसी पर एनपीआरसी स्तर से चयनित बच्चों के बीच प्रयास की परीक्षा होनी है। बीआरसी स्तर पर एनपीआरसी से चयनित 132 बच्चों के बीच परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा संपन्न कराने के लिए शिक्षकों की टीम लगाई गई थी। खंड शिक्षा अधिकारी अनुराग कुमार मिश्रा ने परीक्षा की मॉनीटिरिंग की। उधर 'प्रयास' संग्रह बनाने वाले एनपीआरसी अमित शुक्ला की एनपीआरसी पर परीक्षा के बाद चयनित छात्रों की सूची बनाकर बीआरसी पर भेज दी है। अषाढी गांव में परीक्षा के बाद मूल्यांकन संपन्न कराने में टीचर भावना, नीलम, प्रतिमा, रिचा, अंकिता, मोनिका, प्रीति, अशोक, ज्ञानप्रकाश ने सहयोग किया।