लखीमपुर खीरी में बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट प्लान के तहत भारत-नेपाल सीमा पर रहने वाले 647 परिवारों को फ्री डिश कनेक्शन दिया जाएगा। इन घरों को चिह्नित किया जा चुका है। प्रसार भारती ने इनकी संख्या और सूचना भी पोर्टल पर अपलोड कर दी है।
नेपाल सीमा से सटे 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों में बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट योजना चलाई जा रही है। सीमा से सटे इन गांवों में नेटवर्क की समस्या रहती है। घरों में टीवी तो है, लेकिन नेटवर्क न होने के कारण लोग कार्यक्रम नहीं देख पाते। इस समस्या को देखते हुए केंद्र सरकार ने ऐसे परिवारों को चिह्नित करने का निर्देश दिया, जिनके यहां डीटीएच का कनेक्शन नहीं है।
ये भी पढ़ें- असिस्टेंट प्रोफेसर हत्याकांड: आलोक की अर्थी उठी तो बेहोश हुई पत्नी...बार-बार कर रही थीं ये जिद, फफक पड़े पिता
इसी क्रम में बॉर्डर एरिया के गांवों में सर्वे के बाद 647 परिवारों को चिह्नित किया गया। सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही इन घरों को फ्री डिश कनेक्शन दिया जाएगा। जिले में पालिया और निघासन के गांव नेपाल सीमा से सटे हैं। इन गांवों में नेटवर्क की समस्या रहती है। इनको पहले चरण में डीटीएच का कनेक्शन दिया जाएगा। लोग देश-दुनिया में होने वाले कार्यक्रमों, घटनाक्रमों के बारे में घर बैठे टीवी पर देख सकेंगे।