एडीओ पंचायत को धमकाने का आरोपी सफाईकर्मी सस्पेंड
बिजुआ ब्लाक का मामला, अधिकारी के घर जाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। बिजुआ ब्लाक की ग्राम पंचायत रूरा सुल्तानपुर के सफाईकर्मी ने पेरोल पर हस्ताक्षर कराने के लिए एडीओ पंचायत पर दबाव बनाया, जब इससे काम नहीं बना तो अधिकारी के घर जाकर धमका दिया। एडीओ पंचायत ने सफाईकर्मी पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट उच्चाधिकारी को भेजी, जिस पर कार्रवाई करते हुए डीपीआरओ चंद्रिका प्रसाद ने सफाईकर्मी को सस्पेंड कर दिया है।
राजस्व गांव रूरा सुल्तानपुर में सफाईकर्मी सुभाष गौतम की तैनाती है, लेकिन आरोप है कि सफाईकर्मी कई महीनों से गांव में सफाई कार्य नहीं आया। इससे सितंबर माह के पेरोल पर प्रधान करम सिंह ने हस्ताक्षर नहीं किए, क्योंकि वह सफाईकर्मी के खिलाफ शिकायत भी कर चुके थे। प्रधान पर कोई जोर नहीं चला तो सफाईकर्मी ने सीधे एडीओ पंचायत कुरेंद्र पाल की ओर रुख किया। एडीओ ने भी पेरोल पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया। इससे नाराज होकर सफाईकर्मी सीधे एडीओ पंचायत के घर जा धमका और पेरोल हस्ताक्षर कराने के लिए दबाव बनाया। इस पर भी एडीओ से बात नहीं बनी, तो आरोप है कि सफाईकर्मी ने अभद्रता करते हुए धमकी दे डाली। पानी नाक से ऊपर निकलते ही एडीओ ने मामले की रिपोर्ट डीपीआरओ को दी। डीपीआरओ चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि सफाईकर्मी के खिलाफ पहले से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। प्रधान और एडीओ पंचायत ने पेरोल पर हस्ताक्षर नहीं किए तो वह धमकाने लगा। इसलिए सफाईकर्मी को सस्पेंड करके जांच कराई जा रही है।