लखीमपुर खीरी। जनपद की 138 सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटी के गठन को कराए जा रहे संचालक पदों पर चुनाव के लिए सोमवार को 335 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। इसके लिए समस्त बीडीओ को सेक्टर मजिस्ट्रेट और एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट नामित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सीओ समेत थानों की रहेगी। इसके लिए सहकारिता विभाग ने तैयारियां पूर्ण होने का दावा किया है, जिसकी जिम्मेदारी निर्वाचन अधिकारियों को सौंपी गई है।
सहायक निबंधक मंगल सिंह ने बताया कि कुल 1248 संचालकों के पदों पर चुनाव कराए जाने थे, जिसमें 45 समितियों (पैक्स) में सभी संचालक निर्विरोध हुए हैं। इसके अलावा अन्य समितियों में भी कई संचालक निर्विरोध चुने गए हैं। इस प्रकार कुल 913 संचालक निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। करीब 335 सीटों पर सोमवार को सुबह नौ से अपरान्ह तीन बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद सोमवार को ही परिणामों की घोषणा की जाएगी। अगले दिन 30 जनवरी को सभी समितियों के सभापतियों का चुनाव होगा।
मोहम्मदी। बगरेठी समिति के सचिव लियाकत खां के अनुसार पांच पदों पर दस प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां 316 मतदाता हैं। सिसोरा निकूमपुर समिति के सचिव राकेश शुक्ला के अनुसार दो पदों के लिए चार प्रत्याशी मैदान में हैं। कुल वोटर 252 हैं। किसान सेवा सहकारी समिति मूड़ा गालिब के सचिव धनेश शुक्ल के अनुसार यहां आठ पदों पर 18 प्रत्याशी मैदान में हैं। कुल 1800 वोटर हैं। शिवनगरा साधन सहकारी समिति में सचिव अवधेश शुक्ला ने बताया कि छह पदों पर 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। किसान सेवा सहकारी समिति बडख़र में छह पदों पर 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदाताओं की संख्या 1500 हैं।
महेवागंज। कस्बा स्थित हाथीपुर गणेशगंज सोसाइटी में संचालक पद के नौ उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए है। वहीं सिकंदरपुर गाींव के गया प्रसाद और शिवकुमार के बीच मतदान कराया जाएगा।
गोला गोकर्णनाथ। एडीसीओ महेश कुमार बंका ने बताया कि सहकारी समितियों पर मतदान सामग्री की व्यवस्था कर दी गई है। रोशननगर समिति की दो सीटों पर पांच प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके लिए मतदान कराया जाएगा। इसी तरह अन्य समितियों में मतदान कराया जाएगा।