लखीमपुर खीरी। दीपावली से पहले नकहा ब्लॉक के सहजनी गांव के 522 परिवारों के घरों तक नल से पानी पहुंचने की सुविधा शुरू हो गई है। जल जीवन मिशन के तहत तैयार सहजनी पाइप पेयजल योजना को शुरू कर दिया है। इससे गांव की 3213 आबादी को लाभ मिल रहा है। घरों में नल कनेक्शन पहुंचने से ग्रामीणों को पानी के लिए हैंडपंप और कुओं पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
जल जीवन मिशन के तहत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक 1692 गांवों में पेयजल व्यवस्था विकसित की जा चुकी है। इनमें 580 गांवों को हर घर जल प्रमाणन मिल चुका है, जबकि 410 गांवों में जलार्पण की प्रक्रिया पूरी हुई है। जिले में कुल 6.62 लाख ग्रामीण परिवारों तक नल कनेक्शन पहुंचाए गए हैं। इनमें से 4.25 लाख घरों में नियमित जलापूर्ति हो रही है।
जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार मौर्य ने बताया कि योजनाओं के निर्माण के साथ उनके संचालन और रखरखाव पर भी ध्यान दिया जा रहा है। विभागीय निगरानी के साथ ग्रामीणों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से पानी की बर्बादी रोकने और पेयजल से जुड़ी परिसंपत्तियों की सुरक्षा करने की अपील की।
पेयजल की गुणवत्ता के लिए फील्ड टेस्टिंग किट से प्रशिक्षित महिलाओं और जिला स्तरीय प्रयोगशाला के माध्यम से समय-समय पर पानी की जांच की जाती है। अधिशासी अभियंता ने कहा की पानी की गुणवत्ता या नल कनेक्शन में खराबी होने पर टोल फ्री नंबर 180012112164 और जल सारथी एप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।