पलिया पुलिस ने बरामद किए अवैध पटाखे, आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : संवाद
लखीमपुर खीरी में दिवाली को लेकर लाइसेंसी व्यापारियों के साथ ही तमाम छोटे-छोटे दुकानदार अवैध रूप से पटाखे के व्यापार में संलिप्त हो जाते हैं। दूसरे जिलों में हो रही घटनाओं को देखते हुए खीरी पुलिस ने भी तलाशी अभियान चलाया तो पटाखा और बारूद की बड़ी खेप बरामद होनी शुरू हो गई। पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि अब तक करीब 52 क्विंटल पटाखा बरामद करते हुए नष्ट कराया जा चुका है।
त्योहार की शुरुआत होते ही एसपी संकल्प शर्मा ने छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारण किए गए पटाखों को जब्त करने का आदेश दिया था। आदेश मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी थी। ताबड़तोड़ हुई छापेमारी के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों से हजारों किलो पटाखा और पटाखा बनाने का सामान बरामद किया। साथ ही कई लोगों को इस मामले में पाबंद कर दिया है।
बता दें कि खीरी, भीरा, मितौली, पलियाकलां, निघासन, मैगलगंज, फरधान के अलावा तमाम अन्य जगहों पर छापेमारी हुई। अब सवाल यह उठता है कि पटाखें में उपयोग होने वाला बारूद आखिरकार कहां से आ रहा है। इस पर कोई कुछ भी बोलने से इन्कार कर रहा है।