पुलिस-आबकारी गठजोड़ से पनप रहा अवैध शराब का कारोबार
लखीमपुर खीरी। जिले में अवैध कच्ची शराब का कारोबार आबकारी और पुलिस के गठजोड़ का नतीजा है। वजह है कभी-कभार 10 से 20 लीटर शराब पकड़कर कागजी कोरम पूरा कर लिया जाता है। शहर से सटे गांवों से लेकर ग्रामीण इलाकों में कच्ची शराब का कारोबार बड़े पैमाने पर हो रहा है। थाना हैदराबाद क्षेत्र में पांच लोगों की मौत के बाद एक बार फिर पुलिस और आबकारी महकमे की नींद टूटी है।
जिले में कच्ची शराब का धंधा कुटीर उद्योग के रूप में पनप रहा है। इसकी खुलेआम बिक्री गांवों में खूब होती है। ऐसा नहीं है कि हल्का सिपाहियों और आबकारी विभाग के सिपाहियों को इसकी जानकारी नहीं होती। कच्ची शराब के कारोबार से जुड़े लोगों की मानें तो वह शराब बनाने और बिक्री करने के लिए हल्का के सिपाहियों और आबकारी विभाग को हफ्ता देते हैं। हैदराबाद थाना क्षेत्र में अब तक हुई पांच मौतों के बाद चलाए गए अभियान के तहत बृहस्पतिवार को पुलिस ने 268 लीटर शराब बरामद कर 22 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें कोतवाली तिकुनियां प्रभारी निरीक्षक ओपी रजक ने 40 लीटर शराब और शराब बनाने के उपकरण सहित गांव फरेंदा फार्म निवासी राजू और बब्बूलाल को गिरफ्तार किया है। इसके अवाला एक हजार लीटर से अधिक की लहन नष्ट की है।
----------
कच्ची शराब की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चल रहा है। पुलिस की संलिप्तता की शिकायत मिलेगी तो जांच कराकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारियों को इस कारोबार पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं।
- पूनम, एसपी