लखीमपुर खीरी। एक सप्ताह में कोरोना संक्रमण के 44 नए मामले सामने आने के बाद लोग दहशत में है। सोमवार को एक साथ मिले 22 कोरोना पॉजिटिव केस के बाद से प्रशासन भी सकते में है, क्योंकि कोरोना ने कलक्ट्रेट और सीएमओ कार्यालय में भी दस्तक दे दी है। इससे मंगलवार को दोनों कार्यालयों को 24 घंटे के लिए सील करना पड़ा। इसके अलावा गांवों और शहर के मोहल्लों को कंटेन्मेंट जोन घोषित करके उन्हें भी सील किया जा रहा है। अब तक 29 कंटेन्मेंट जोन बनाए जा चुके हैं। जबकि कुल 60 एक्टिव कोरोना संक्रमितों का इलाज कोविड केयर सेंटर में किया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे सामुदायिक स्तर पर कोरोना के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
कोविड 19 को लेकर लॉकडाउन के बाद हुए अनलॉक में एक सप्ताह से पहले तक सब कुछ सामान्य गति से चल रहा था, जिसके बाद कोरोना केस मिलने का सिलसिला तेज होने से लोग फिर से लॉकडाउन की मांग करने लगे हैं। व्यापारी भी दुकानों के खुलने के समय घटाने के लिए इच्छुक हैं। लोग भी इस बात को समझने लगे हैं कि खतरा अब उनके आसपास तक पहुंच गया है, क्योंकि प्रवासियों के संक्रमित निकलने के बाद उनके परिवार के सदस्य संक्रमित निकल रहे हैं। तो वहीं लखनऊ और बरेली जैसे शहरों से लौटने वाले संक्रमित पाए जा रहे हैं। कलक्ट्रेट और स्वास्थ्य विभाग के दफ्तरों में काम करने वाले कई कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इससे पहले आधा दर्जन से अधिक कोरोना वॉरियर/पुलिस कर्मी भी कोरोना की चपेट में आकर संक्रमित हो चुके हैं। तो वहीं बेसिक शिक्षा विभाग के धौरहरा ब्लॉक में तैनात शिक्षक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा सिद्धार्थनगर से लौटे वनकर्मी के साथ आई बालिका कोरोना पॉजिटिव पाई जा चुकी है। मायके से आई महिला के संपर्क में आकर ईदगाह मोहल्ले में एक परिवार के 13 लोग कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। इन लोगों के संपर्क में कितने लोग आए होंगे, जिसका नतीजा है कि सामुदायिक स्तर पर तेजी से संक्रमण फैलने लगा है। अब लोगों को कोरोना महामारी से बचने के लिए खुद ही लड़ाई लड़नी होगी, क्योंकि इलाज के लिए प्रशासन ने कोविड केयर सेंटरों में करीब 1500 बेड की व्यवस्था की है। इनमें एल वन और एल टू के श्रेणी के सेंटर बने हैं, जबकि एल थ्री स्तर का कोविड केयर सेंटर लखनऊ में है। लिहाजा मरीजों की संख्या बढ़ने पर इलाज की समस्या खड़ी हो सकती है।
जनपद में सिर्फ चार वेंटिलेटर
कोविड 19 से संक्रमित व्यक्तियों के इलाज के लिए एल वन और एल टू स्तर के कोविड केयर सेंटर स्थापित किए गए हैं। इनमें सामान्य स्तर तक ही कोरोना संक्रमित का इलाज करने की सुविधा उपलब्ध है। रोगी की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए लखनऊ के एल थ्री लेवल के कोविड केयर सेंटर में भेजा जाएगा। कोरोना संक्रमितों के इलाज के लिए वेंटीलेटर की भी जरूरत पड़ती है। जनपद में अभी चार वेंटीलेटर उपलब्ध हैं, जबकि पांच वेंटीलेटरों की खरीद की गई है लेकिन अभी इनकी आपूर्ति विभाग में नहीं की गई है।
--
कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के मामले इधर बढ़े हैं। इससे सामुदायिक स्तर पर संक्रमण के फैलने की शुरुआत हुई है, जिसकी चेन तोड़ने के लिए सभी को नियमों का आवश्यक रूप से पालन करना जरूरी हैै। लोगों से दो गज की दूरी रखने के साथ ही मास्क लगाना जरूरी है। अभी शनिवार और रविवार को लॉकडाउन रहेगा।
-शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम