पीईटी परीक्षा के संबंध में बैठक करते हुए एडीएम न्यायिक। स्रोत : सूचना
लखीमपुर खीरी। जिले में छह व सात सितंबर को होने वाली पीईटी परीक्षा की तैयारियों के संंबंध में मंगलवार को एडीएम न्यायिक अनिल कुमार रस्तोगी ने कलक्ट्रेट सभागार में अफसरों के साथ बैठक की। एडीएम ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संबंध दिशा-निर्देश दिए। कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पीईटी परीक्षा में 43,200 अभ्यर्थी शामिल होंगे। एडीएम न्यायिक ने कहा कि प्रशासन परीक्षा को निष्पक्ष और शांति पूर्ण ढंग से कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है। जनपद के 26 परीक्षा केंद्राें पर दोनों दिन दो पालियों में परीक्षा कराई जाएगी। प्रथम पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे व द्वितीय पाली अपराह्न तीन बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
प्रत्येक पाली में 10,800 परीक्षार्थी बैठेंगे। परीक्षा के दौरान रिजर्व लॉजिस्टिक, सुरक्षा व्यवस्था, हेल्प डेस्क की स्थापना, अभिलेखीय परीक्षण, प्रश्न पत्र व ओएमआर शीट के गोपनीय बॉक्स खोलने की प्रक्रिया, प्रश्न पत्र पुस्तिका व ओएमआर शीट का वितरण, परीक्षा समाप्ति पर उत्तरपुस्तिकाओं का संग्रहण एवं पैकिंग की व्यवस्था रहेगी। केंद्र अधीक्षकों और कक्ष निरीक्षकों को उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट करते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान कक्षों में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स व अन्य प्रतिबंधित सामग्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
डीआईओएस विनोद कुमार मिश्रा ने हिदायत दी कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त प्रकाश, बिजली की आपूर्ति और स्वच्छता की व्यवस्था रहे। परीक्षार्थियों को असुविधा न हो।