वन कटान में संलिप्तता में तीन वन रक्षक सस्पेंड
एक फॉरेस्टर के निलंबन की संस्तुति पीसीसीएफ को भेजी
अमर उजाला ब्यूरो
बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन के मैलानी रेंज की जटपुरा और महुरेना बीट में जंगल गश्त के दौरान वन रक्षक सुखपाल सिंह की हत्या के बाद घटनास्थल पर वरिष्ठ वनाधिकारियों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने और साथियों को भड़काने के आरोप में दो वन रक्षकों का निलंबित कर दिया गया है। जबकि दक्षिण खीरी वन प्रभाग के गोला रेंज में अवैध कटान मामले में संलिप्तता मिलने पर एक वन रक्षक को निलंबित कर दिया गया, जबकि एक फॉरेस्ट गार्ड के निलंबन के लिए पीसीसीएफ को लिखा गया है।
मालूम हो कि दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन के मैलानी रेंज की जटपुरा और महुरेना बीट में जंगल गश्त के दौरान वन रक्षक सुखपाल सिंह की हत्या के बाद रेंजर मैलानी डीएस यादव समेत वनाधिकारियों के घटनास्थल पर न पहुंचने पर फील्ड कर्मचारियों में नाराजगी थी। इस दौरान दक्षिण खीरी वन प्रभाग के गोला रेंज में तैनात फॉरेस्ट गार्ड अशोक शुक्ला और विनोद भारती ने दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन उप-निदेशक डॉ. अनिल कुमार पटेल के खिलाफ भी अभद्र टिप्पणी करते हुए अपशब्दों का इस्तेमाल किया था, जिसका वीडियो डीडी बफरजोन के पास पहुंचा था।
बांकेगंज के निकट पसियापुर गांव घटनास्थल पर वन रक्षकों द्वारा वनाधिकारियों के खिलाफ प्रयोग की गई अभद्र टिप्पणी का वीडियो डीडी बफरजोन के पास पहुंचते ही उन्होंने गंभीरता से लेते हुए संबंधित वन कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति दक्षिण खीरी वन प्रभाग के डीएफओ समीर कुमार को भेजी थी। इसी कड़ी में डीएफओ ने दोनों वन कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
दक्षिण खीरी वन प्रभाग डीएफओ समीर कुमार ने बताया कि इसके अलावा हाल ही गोला रेंज की रायपुर बीट में लकड़ी कटान मामले में फॉरेस्ट गार्ड और वन रक्षक द्वारा बरती गई लापरवाही पर वन रक्षक मतीन अहमद को निलंबित कर दिया गया है जबकि फॉरेस्टर अमित मिश्रा के निलंबन की संस्तुति मुख्य वन संरक्षक ( मध्य क्षेत्र) के प्रवीण राव को भेजी गई है।
--------
दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन के अलावा दक्षिण खीरी वन प्रभाग में वनों और वन्यजीवों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने और अनुशासनहीनता करने पर वन कर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साउथ खीरी डिवीजन की गोला रेंज में तैनात एक फॉरेस्टर और तीन वन रक्षकों द्वारा संबंधित मामलों में अनुशासनहीनता करने और लापरवाही बरतने पर विभागीय कार्रवाई की गई है।
- रमेश कुमार पांडे, फील्ड डाइरेक्टर, दुधवा टाइगर रिजर्व