तिकुनिया में माल मुकदमाती बाइको का निरीक्षण करते एसपी विजय ढुल
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी/ निघासन। पुलिस अधीक्षक विजय ढुल ने शुक्रवार को निघासन क्षेत्र में थानों के निरीक्षण के दौरान चार पुलिसकर्मियों की बाइकों का यातायात नियमों का उल्लंघन पर चालान करा दिया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत दी कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पूरी तरह से पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होगी।
एसपी विजय ढुल ने कोतवालियों निघासन, तिकुनियां और थाना सिंगाही में कार्यालय, मालखाना, हवालात, मेस, बैरक, कंप्यूटर कक्ष आदि का निरीक्षण किया। विभिन्न अभिलेख देखे और उनका अवलोकन किया। कार्यालयों में तैनात पुलिसकर्मियों के नाम और कार्य पूछे। अभिलेखों का बेहतर रखरखाव करने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए। कोतवाली और थाने में खड़े सीज, माल मुकदमाती वाहनों का निरीक्षण किया और समयावधि पूरी करने वाले वाहनों को निस्तारित कराने के निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। कोतवाली निघासन और तिकुनियां में साफ-सफाई बेहतर पाई। अभिलेखों का रखरखाव भी ठीक मिला। सिंगाही में साफ-सफाई बेहतर न होने और अभिलेखों का रखरखाव ठीक न होने पर कड़ी नाराजगी जताई। निघासन में चार पुलिसकर्मियों की बाइकों का नियमानुसार नंबर प्लेट नहीं होने पर एमवी एक्ट में ई-चालान कराया। ड्यूटी के दौरान साफ सुथरी एवं निर्धारित वर्दी पहनने के निर्देश दिए। दृष्टिगत कोविड केयर हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया।