लखीमपुर खीरी। ब्लाक संसाधन केंद्रों (बीआरसी) पर रिक्त एबीआरसी पदों पर नए सिरे से चयन किया जाना है, लेकिन पिछले दो सालों से चयन प्रक्रिया लंबित है। अब विभागीय अधिकारियों को याद आई है। 2017 से अब तक प्राप्त आवेदनों के आधार पर ही एबीआरसी चयन की कार्रवाई प्रारंभ करते हुए बीएसए कार्यालय में नोटिस बोर्ड पर सूची चस्पा कर दी गई है, जिस पर संबंधित आवेदक शिक्षक 20 फरवरी 2019 तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
सर्व शिक्षा अभियान के तहत विद्यालयों में प्रभावी रूप से शैक्षिक अनुसमर्थन प्रदान करते हुए न्याय पंचायत केंद्रों और ब्लाक स्तर पर ब्लाक संसाधन केंद्रों (बीआरसी) की स्थापना की गई है। प्रत्येक बीआरसी पर विज्ञान, गणित, हिंदी, अंग्रेजी और सामाजिक शिक्षा के लिए एक-एक सह समन्वयक (एबीआरसी) की नियुक्ति परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत योग्यताधारी शिक्षकों में से की जानी है। बीएसए ने 26 जुलाई 2017 को विज्ञप्ति के माध्यम से परिषदीय शिक्षकों से रिक्त पदों पर आवेदन मांगे थे, लेकिन तब चयन प्रक्रिया पूर्ण नहीं कराई जा सकी। इसके बाद 2018 में भी कोई प्रयास नहीं किए गए, जिससे बीआरसी पर शैक्षिक उन्नयन की गतिविधियां थम गई। इसके बाद 19 जनवरी 2019 को पुन: विज्ञप्ति के माध्यम से आवेदन मांगे गए थे। बीएसए बुद्ध प्रिय सिंह ने बताया कि करीब 225 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं, जिसकी सूची चस्पा करा दी गई है। 20 फरवरी तक आपत्तियां मांगी गईं हैं, जिसके बाद आवेदन पत्रों पर चयन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।