निघासन। बढ़े मानदेय को लागू करने की मांग को लेकर रसोइयों ने कस्बे के हनुमान गढ़ी मंदिर में प्रदर्शन किया। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। सोमवार को मुख्यमंत्री के संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपने की रणनीति बनाई है।
रसोइया वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष ऊषा देवी ने कहा कि रसोइयों को खाना बनाने के लिए एक हजार रुपये दिए जाते हैं जबकि महंगाई को देखते हुए इतने कम पैसे में गुजरा करना संभव नहीं है। दस माह तक दिए जाने वाले मानदेय को 12 महीनों तक बढ़ाया जाए। पिछले वर्ष रसोइयों की मांग पर सरकार ने मानदेय एक हजार के स्थान पर दो हजार रुपये किया था। वह आदेश अभी तक लागू नहीं किया गया है। सभी रसोइयों ने प्रदर्शन कर मांगे पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान किरन, भूपेंद्र, ब्रजेंद्र, मंजू देवी, रामसीता, आलोक, सागरी देवी आदि रसोइया मौजूद रहीं।