लखीमपुर खीरी/महेवागंज/सुंदरवल।
गन्ना लदे ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राला के अनियंत्रित होने से सड़क किनारे लगी रुई की धुनाई मशीन टूट गई। वहीं उसकी चपेट में आकर एक महिला भी घायल हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राला को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। महिला की हालत गंभीर बनी है। उसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना फूलबेहड़ के गांव रमवापुर सिकटिया निवासी सुमन देवी (43 साल) अपने जेठ के साथ रजाई भराने सुंदरवल आई थी। भीरा हाईवे किनारे लगी धुनाई मशीन के पास बैठी थी। इस बीच लखीमपुर की ओर जा रहा गन्ना लदा ओवरलोड ट्राला अनियंत्रित होकर रुई की मशीन को तोड़ता हुआ किनारे जा टिका, जिससे वहीं पर बैठी सुमन भी ट्राले की चपेट में आ गई। पुलिस के मुताबिक चालक नशे में था। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राला को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
बस की टक्कर से
बाइक सवार जख्मी
भीखमपुर। बस की टक्कर से एक बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
लखीमपुर मोहम्मदी मार्ग पर सिंगहाहार मोड़ पर राकेश कुमार (28 साल) पुत्र महेश मिश्रा निवासी अल्लीपुर थाना हैदराबाद अपनी बाइक (यूपी 31एएफ/3843) से रिश्तेदार को शुक्रवार तीन बजे बस पर बैठाने आए थे। वहां से लौटते समय सिंगहाहार मोड़ पर प्राइवेट बस ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह रोड के किनारे खंदक में गिरकर जख्मी हो गया। मितौली पुलिस ने उसे इलाज के लिए एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है।
सड़क दुर्घटनाओं
में दो लोग जख्मी
मोहम्मदी। कोतवाली क्षेत्र की दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ग्राम बिजौली सहसपुर निवासी विनय कुमार(40) बृहस्पतिवार देर रात बाइक से शाहजहांपुर से घर वापस आ रहे थे, तभी शंकरपुर चौराहे पर किसी वाहन ने टक्कर मारकर जख्मी कर दिया। सूचना पर पुलिस ने उसे सीएचसी मोहम्मदी में भर्ती कराया। उसकी जेब से निकले कार्ड से उनके परिवारवालों को सूचित किया। उधर ईदगाह शाहजहांपुर निवासी मो. अहमद (45) बाइक से अपनी पत्नी जीनत मंसूरी के साथ गोला जा रहे थे, तभी शंकरपुर राजा चौराहे के निकट एक मारुति वैन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे मो. अहमद जख्मी हो गए। पुलिस ने जीनत मंसूरी की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।