अभियान के दौरान चेकिंग करते क्षेत्राधिकारी अभिमन्यु त्रिपाठी- स्रोत विभाग
लखीमपुर खीरी। शहर में यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती करते हुए विभाग ने दो दिन में 24 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर करीब दो लाख रुपये का जुर्माना वसूला।
क्षेत्राधिकारी यातायात अभिमन्यु त्रिपाठी के नेतृत्व में टोल प्लाजा फरधान, एलआरपी चौराहा, संकटा देवी चौराहा और विलोबी हाॅल के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना फिटनेस, तेज रफ्तार से चलने वाले चार और दो पहिया वाहनों की जांच की गई।
इसके अलावा बिना हेलमेट, तीन सवारी बैठाकर चलने वाले बाइक सवारों और मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हाॅर्न व हूटर लगे वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अभियान में 10 प्रेशर हाॅर्न, एक हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों का चालान किया गया। रविवार दोपहर तक 10 वाहनों का चालान किया गया।
ई-रिक्शा चालक पर एफआईआर दर्ज, वाहन सीज
लखीमपुर खीरी। स्कूली बच्चों को क्षमता से अधिक और असुरक्षित तरीके से ई-रिक्शा में ले जाने वाले चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर वाहन सीज कर दिया गया है। शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल 19 सेकंड के वीडियो में ई-रिक्शा में भरे स्कूली बच्चे नजर आए। कुछ बच्चे चालक सीट पर बैठे थे, जबकि कई पीछे लटके और खड़े दिखे। इस तरह बच्चों को ले जाना उनकी जान जोखिम में डालने जैसा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अमीरनगर के पास गांव गिर्दा निवासी असरफ अली के खिलाफ मोहम्मदी थाने में प्राथमिकी दर्ज की। एआरटीओ शांतिभूषण पांडेय ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ई-रिक्शा को सीज कर दिया गया। संवाद