अपनी कला से सैलानियों को लुभाएंगे कर्नाटक के हाथी
मैलानी के एलीफैंट कैंप में उन्हें नृत्य और कला का दिया जा रहा प्रशिक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
बांकेगंज। कर्नाटक के बांदीपुर नेशनल पार्क से दुधवा पार्क लाए गए दस हाथी दुधवा नेशनल पार्क के पर्यटन को एक नया अंदाज देंगे। यह हाथी सैलानियों को वन विहार कराने के साथ अपनी कला से सैलानियों का मनोरंजन भी कराएंगे। इसके लिए मैलानी के एलीफैंट कैंप में हाथियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
हाथियों का प्रशिक्षण प्रशिक्षकों और स्थानीय लोगों के लिए बड़ा रोमांचकारी हैं। एलीफैंट हाउस में मोबाइल के जरिए बजाई जाने वाली संगीत की धुन पर यह हाथी झूम-झूम कर नृत्य करते हैं। प्रशिक्षण के दौरान सूंड़ से बैट पकड़कर हाथियों को क्रिकेट खेलते देख बच्चे चहक उठते हैं। वैसे तो कर्नाटक से आए इन हाथियों को वन और वन्यजीव सुरक्षा के लिए, जंगल की पेट्रोलिंग करने और सैलानियों को भ्रमण कराने के लिए लाया गया है, लेकिन पार्क प्रशासन ने इन हाथियों की विशेष कला प्रतिभा को देखकर इसका फायदा उठाने की बात सोची है। अब हाथियों को अन्य कार्यों के प्रशिक्षण के साथ एलीफैंट शो का प्रशिक्षण देना भी रविवार से शुरू किया गया है। प्रशिक्षण कार्यशाला के प्रभारी और किशनपुर सेंक्चुरी के वन्य जीव प्रतिपालक डीके चतुर्वेदी का कहना है कि कर्नाटक के बांदीपुर नेशनल पार्क से आए हाथियों का विशेष प्रशिक्षण रविवार से शुरू किया गया है। इसमें हाथियों को एलीफैंट शो के लिए भी तैयार किया जा रहा है। हाथी जिस तेजी से हुनर सीख रहे हैं उससे यह लगता है कि कि जल्दी ही यह पूरी तरह प्रशिक्षित हो जाएंगे।