खीरी सांसद ने सदर विधायक और डीएम, सीएमओ के साथ बृहस्पतिवार को ओयल में बन रहे ट्रामा सेंटर एवं मदर चाइल्ड विंग का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
गंभीर घायलों को बेहतर इलाज मिले सके इसके लिए ओयल कस्बे में पिछले वर्ष ट्रामा सेंटर सहित मदर चाइल्ड विंग का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, जो अभी तक हैंडओवर नहीं हो सका है। हांलाकि ट्रामा सेंटर का अधिकतर काम पूरा हो चुका है। खीरी सांसद अजय मिश्रा टेनी, सदर विधायक योगेश वर्मा, डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और सीएमओ डॉ. जावेद अहमद ने बृहस्पतिवार को दोनों का निरीक्षण किया। बता दें कि कुछ दिन पूर्व निरीक्षण को पहुंचे सीएमएस डॉ. अरुण कुमार गौतम ने उसमें तमाम खामियां गिनाई थीं। डीएम ने उन खामियों को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्था के लोगों को निर्देशित किया। इस दौरान डीएम ने ट्रामा सेंटर के लिए स्टाफ और संशाधन आदि की भी जानकारी लेकर उन्हें पूरा कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान कई भाजपा नेता मौजूद रहे।