इमरजेंसी बिजली कटौती से लोग बेहाल थे, लेकिन सप्लाई चालू होते ही लोकल फॉल्ट ने लोगों को रुला दिया है। शुक्रवार को दिन में कई बार दो-दो घंटे के लिए रोस्टरिंग की गई, जिसके बाद सप्लाई चालू होने के कुछ मिनट बाद फिर से बिजली गुल हो गई। अधिकारी बोले कि ऐसा लोकल फॉल्ट की वजह से हो रहा है।
बिजली की समस्या से जनपद कई दिनों से जूझ रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली व्यवस्था चरमराने से आम जनजीवन अस्तव्यस्त है। लोगों के घरों में पानी की किल्लत हो गई है, तो वहीं लो-वोल्टेज से उपकरण काम नहीं कर रहे। गुरुवार की रात को बिजली ने रुलाया। शुक्रवार को भी बमुश्किल दिन में चार से पांच घंटे बिजली मिली।
अधिशाषी अभियंता एके जायसवाल ने बताया कि शाहजहांपुर के ट्रांसफार्मर में आई खराबी को दूर कर दिया गया है, जिससे शुक्रवार को स्थिति सामान्य की ओर है। बिजली संकट के बारे में उन्होंने बताया कि उत्पादन घटने से दिक्कत पैदा हुई है। बारिश न होने से सिंचाई के लिए ट्यूबवेल का लोड बढ़ गया है, जिससे लो-वोल्टेज और लोकल फाल्ट की समस्या उत्पन्न हो रही है।
दिन में पौने तीन घंटे, रात में पांच मिनट मिली बत्ती
मैलानी।
नगर में बिजली की घोर किल्लत चल रही है, जिससे भीषण गर्मी में यहां हाहाकार है। बीती रात को सिर्फ पांच मिनट ही बिजली मिली।
पिछले कई दिनों से यहां बिजली का संकट चल रहा है और अब इस संकट ने भयावह रूप ले लिया है। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि बृहस्पतिवार को दिन भर में कुल दो घंटा चालीस मिनट बिजली रही। रात को 11 बजे बिजली आई और पांच मिनट बाद चली गई, फिर शुक्रवार को दोपहर पौने बारह बजे दोबारा बिजली आई। बिजली के घोर संकट से अधिकांश घरों तथा दुकानों के इन्वर्टर दगा दे गए।
बीते 24 घंटे में मुश्किल से 10 घंटे मिली आपूर्ति
गोला गोकर्णनाथ।
शाहजहांपुर में आई खराबी के कारण तहसील क्षेत्र के लोगों को बिजली समस्या से जूझना पड़ रहा है। अघोषित कटौती से लोग परेशान हैं। आलम यह है कि शुक्रवार को बीते 24 घंटे में मुश्किल से 10 घंटे ही आपूर्ति मिल सकी। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में अलीगंज फीडर के उपभोक्ता बिजली की अघोषित कटौती से खासे परेशान हैं।
इस समय पड़ रही उमस व गर्मी जहां लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है, वहीं बिजली की कटौती से लोग त्रस्त हैं। प्रदेश की योगी सरकार ने ग्रामीण क्षेत्र को 18 घंटे आपूर्ति का रोस्टर जारी किया है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से ग्रामीण क्षेत्र को 10 घंटे भी बिजली नहीं मिल रही है। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली न आने से सिंचाई के अभाव में फसलें भी सूखने लगी हैं। बिझौली, चिंतापुरवा, रजागंज, जलालपुर, बख्खारी, रमुआपुर, बेहटा, बरगदिया, करनपुर, जमुनहां, जमुनाबाद फार्म, बिझौली फार्म आदि स्थानों पर बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। एसडीओ धर्मेंद्र यादव ने बताया कि पैना शाहजहांपुर में 160 एमवीए का ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने के कारण मोहम्मदी, गोला, 132 केवी के बड़े बिजली घर से जुड़े उपभोक्ताओं की सप्लाई बाधित हो रही है जो कि लगभग एक सप्ताह में ठीक होने की संभावना है।
संसारपुर। कस्बे में एक सप्ताह से बमुश्किल चार से पांच घंटे ही बिजली मिल पा रही है। बुधवार को पूरी रात बिजली नहीं मिली, बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे से कुछ देर के लिए बिजली आपूर्ति हुई परंतु तीन चार बार ट्रिपिंग करने के बाद आपूर्ति ठप हो गई जो शाम तक भी सही नहीं हुई। कस्बे के मनोज गुप्ता, किशोर गुप्ता, पप्पू जायसवाल, पवन शर्मा, रोहित रस्तोगी, विवेक भारती, निसार अहमद, अव्वल अली, मुकेश राजपूत, संतोष रस्तोगी, जितेंद्र प्रसाद स्वर्णकार आदि ने परेशानी ये निजात दिलाने की मांग की है।