क्षेत्र पंचायत बैठक में योजनाओं की जानकारी देती बीडीओ श्रद्धा गुप्ता। संवाद
धौरहरा। रमियाबेहड़ ब्लॉक सभागार में बृहस्पतिवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक ब्लॉक प्रमुख कल्पना वर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विकास कार्यों के लिए 21.29 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया गया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के प्रस्तावों पर चर्चा कर कार्ययोजना तय की गई।
बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने मनरेगा समेत अन्य विकास कार्यों के लिए कुल 18.86 करोड़ रुपये के प्रस्ताव रखे, जिनपर अनुपूरक कार्ययोजना के तहत विचार किया गया। पंचम राज्य वित्त एवं 15वें केंद्रीय वित्त आयोग मद में 4.12 करोड़ के कार्यों के लिए भी बजट प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। खंड विकास अधिकारी श्रद्धा गुप्ता ने बताया कि गत वित्तीय वर्ष में 10.10 करोड़ रुपये का लेवर बजट प्राप्त हुआ था, जिसमें से 9.94 करोड़ रुपये विकास कार्यों में व्यय किए जा चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 603 लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए जाने और उनके पूर्ण हो जाने की जानकारी दी।
लघु सिंचाई योजना के तहत किसानों को 895 बोरिंग उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि 8057 लाभार्थियों को विभिन्न पेंशन योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। ब्लॉक प्रमुख कल्पना वर्मा ने ग्राम स्तर पर साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने और नियमित कीटनाशक छिड़काव कराने के निर्देश दिए।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आयुष प्रकाश वर्मा, एडीओ अनुज अवस्थी, विजय गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य सुनील कुमार वर्मा, सपा सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश यादव, सांसद प्रतिनिधि दिल नवाज, जय प्रकाश राज, प्रधान जाबिर अली सहित रमियाबेहड़ क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।