लखीमपुर खीरी। गर्मी का प्रकोप दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। ऐसे में चल रहीं तेज गर्म हवा लोगों को झुलसाने लगी है। इससे खासकर बच्चों में उल्टी-दस्त की समस्या बढ़ने लगी है। बुधवार को जिला अस्पताल में बुखार एवं डायरिया पीड़ित चार बच्चे भर्ती हुए। जबकि मझगईं में बुखार पीडित़ 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
बुखार आने पर मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी संदीप दस वर्षीय पुत्री शुभी, दस माह की पुत्री शिवानी को लेकर पिंटू, नौरंगाबाद निवासी शमशाद हसन डेढ़ वर्षीय पुत्र अदीप, हसनापुर निवासी विजनेश दो वर्षीय पुत्री शिवांगी को जिला अस्पताल लेकर आए थे। इनकी हालत गंभीर होने के कारण चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया।
मझगईं। भीषण गर्मी के कारण बुखार एवं डायरिया क्षेत्र में पांव पसारने लगा है। बुधवार को गांव बेला टॉपर निवासी कल्लू की 45 वर्षीय पत्नी सावित्री देवी करीब एक माह से बुखार आने से पीड़ित थी। घरवाले इलाज के लिए उन्हें पीलीभीत ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में मच्छरों की भरमार है, लेकिन कई सालों से गांव में दवा का छिड़काव नहीं हुआ और न ही नालियों की सफाई हुई। इस कारण गांव में डायरिया, बुखार कहर बरपा रहा है। पतिया गांव निवासी रमेश के तीन वर्षीय पुत्र सुभाष, चौरी निवासी इंद्रजीत के पुत्र अभि डायरिया और बुखार से पीड़ित है। इनका इलाज निजी क्लीनिक पर चल रहा है। उधर पीएचसी में भी मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। पीएचसी प्रभारी डॉ. अब्बास का कहना है कि उल्टी, दस्त एवं बुखार पीड़ित मरीजों की संख्या गर्मी के कारण बढ़ने लगी है।