ममरी। नरसिंहपुर गांव के पश्चिम में स्थित खेत पर मंगलवार दोपहर पानी लगा रहे मजदूरों में उस समय भगदड़ मच गई जब प्रेमचंद वर्मा, अनूप सिंह के गन्ने से निकला बाघ वहां पानी पीने आ गया। आनन फानन वन कर्मियों को इसकी सूचना दी गई।
नरसिंहपुर के डॉ. बाबूराम वर्मा, श्रीपाल सिंह, रामनरेश सिंह आदि ने बताया कि मंगलवार दोपहर कुछ मजदूर खेत में पानी लगा रहे थे। इसी बीच अनूप सिंह, प्रेेमचंद वर्मा के गन्ने से निकला बाघ वहां पानी पीने आ पहुंचा। उसे देखते ही मजदूरों के होश उड़ गए। गांव वालों का कहना है कि बाध आठ दिनों से अपना ठिकाना गांव के पश्चिम में 500 मीटर की दूरी पर गन्ने के खेतों में बनाए है। फिर भी विभागीय अधिकारी और वनकर्मी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। सूचना के बाद भी कोई वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा है। लाठी डंडे लेकर ग्रामीण जब शोर मचाते हुए वहां पहुंचे तो बाघ भीड़ देखकर गन्ने के खेत में चला गया।