कुंभी बायोप्लास्टिक प्लांट पहुंचा 200 टन वजनी वेसल
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के लखीमपुर खीरी स्थित कुंभी में स्थापित हो रहे इंटीग्रेटेड बायोप्लास्टिक प्लांट के लिए ओडिशा से 240 पहियों वाले महाबली ट्रक पर लादकर लाया जा रहा करीब 200 टन वजनी वेसल (साइक्लाइजेशन रिएक्टर) गुरुवार को प्लांट परिसर पहुंच गया। पांच महीने से अधिक के सफर के बाद मशीन के गंतव्य तक पहुंचने पर प्लांट परिसर में इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। खासकर युवाओं में मशीन को लेकर उत्साह दिखा। कई लोग इसके साथ सेल्फी लेते नजर आए। मशीन के पहुंचने के साथ ही इसे प्लांट में स्थापित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मशीन को दो दिन में स्थापित करने की तैयारी है।
वेसल को लेकर महाबली ट्रक बृहस्पतिवार को भी अपने रास्ते पर लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। भीखमपुर कस्बे में दोपहर करीब डेढ़ बजे ट्रक नहर पुल से गुजरा तो उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। ट्रक के साथ-साथ चलते लोग मशीन को नजदीक से देखने के लिए उत्सुक नजर आए। कस्बे के चौराहे पर पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। कई युवाओं ने मशीन के साथ सेल्फी ली। भीड़ बढ़ने पर मितौली पुलिस को लोगों को हटाने और रास्ता सुचारु रखने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद ट्रक अपराह्न करीब चार बजे कुंभी स्थित प्लांट परिसर पहुंचा।
प्लांट तक पहुंचने से पहले चीनी मिल और बायोप्लास्टिक प्लांट के अधिकारियों ने मशीन लेकर आ रही टीम का स्वागत किया। इकाई प्रमुख डॉ. सुनील कुमार यादव और बायोप्लास्टिक प्लांट के हेड ललित जैन ने बताया कि वेसल के पहुंचने का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। इसके लिए प्लांट में स्थापना संबंधी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं। अब मशीन परिसर में पहुंच गई है और इसे दो दिनों में स्थापित करने की तैयारी है।
बायोप्लास्टिक प्लांट के लिए इस वेसल का पहुंचना महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। लंबे समय से चल रहा इसका परिवहन पूरा होने के बाद अब मशीन को स्थापित करने का काम आगे बढ़ेगा। माशीन को प्लांट परिसर में ट्रक से उतारने में तकरीबन चार घंटे लगे।