नेशनल हाईवे पर लखीमपुर जिला से सटे हरदोई जिला के पिहानी थाना क्षेत्र के जहानीखेड़ा में गुरुवार को दो ट्रकों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिससे दोनों ट्रकों में भीषण आग लग गई। आग लगते ही ट्रक जलने लगे। एक ड्राइवर की ट्रक में ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई।
जहानीखेड़ा पुलिस के द्वारा रोड के एक तरफ चेक पोस्ट बनाकर गाड़ियों की चेकिंग की जाती थी, जिससे एक साइड की रोड बंद रहती है। यही हादसे की वजह बताई जा रही हैै। हादसे के बाद चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने चेक पोस्ट के बैरियर तुरंत हटवा दिए। शाहजहांपुर से सीतापुर की तरफ जाने वाली ट्रक रांग साइड में जा रही थी, जिसमें प्लाईबोर्ड लदा था। वहीं दूसरी गाड़ी सीतापुर से शाहजहांपुर की तरफ जा रही थी, जिसमें तार लोड था। तार वाली ट्रक में दोनों सगे भाई राहुल और प्रदीप निवासी बहेड़ी बरेली ड्राइवरी करते थे, जिसमें 30 वर्षीय राहुल की मौके पर ही जलकर मौत हो गई जबकि उसके भाई प्रदीप को हल्की फुल्की चोटें आईं, जो दूसरी साइड की खिड़की से बाहर कूदकर बचने में सफल रहा। प्लाई बोर्ड भरी ट्रक के कंडक्टर और ड्राइवर झुलस गए हैं, जिसमें ड्राइवर प्रीत पुत्र बलविंदर निवासी कोरसा जिला लुधियाना के दोनों पैर कट गए हैं। ग्रामीणों ने दोनों घायलों को निकाल कर एंबुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल भेजा। वहीं सूचना के एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड पहुंची। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों से आग पर काबू पाया गया। आग इतनी भयानक थी कि उसके पास लोगों की जाने की हिम्मत नहीं पड़ी। दोनों ट्रकों में लगी आग के कारण आधा घंटा तक नेशनल हाईवे जाम रहा।