कोविड जांच केंद्र का निरीक्षण करते डीएम
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। जनपद में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को भी 19 कोरोना संक्रमित मिले हैं। शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। शहर में पांच संक्रमित मिले हैं, तो निघासन क्षेत्र के गांव खैरहनी में ही आठ लोग संक्रमित मिले हैं।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक 24 घंटे के दौरान 212 रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिसमें सभी निगेटिव हैं। इसके अलावा अन्य लैब से 19 पॉजिटिव रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं। इनमें तहसील सदर में संक्रमित मिले हैं, जिसमें मोहल्ला संतोषनगर में एक, मोहल्ला आवास विकास कॉलोनी में एक, बाजपेई कॉलोनी में एक, द्वारिकापुरी में एक, राजाजीपुरम में एक संक्रमित मिला है। तहसील मोहम्मदी के मोहल्ला पूर्वी लखपेड़ा में एक संक्रमित मिला है। तहसील मितौली में दो कोरोना संक्रमित मिले हैं। तहसील गोला गोकरणनाथ के मोहल्ला भारत भूषण कॉलोनी में एक, मथुरानगर में एक और कोतवाली का एक पुलिसकर्मी संक्रमित मिला है। डीएम ने बताया कि अब तक कुल 670 पॉजिटिव केस मिले, जिनमें उपचार के बाद 334 पॉजिटिव व्यक्ति पूर्ण रूप से स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिए गए हैं। वर्तमान में कुल 329 एक्टिव पॉजिटिव केस हैं। वहीं अब तक सात संक्रमितों की मृत्यु हो चुकी है।
मैलानी में कोरोना संक्रमित मिले युवक को कोविड सेंटर भेजा
बांकेगंज। ब्लॉक क्षेत्र में कोरोना संक्रमण तेजी से पैर पसारने लगा है। एंटीजन टेस्ट के दौरान मैलानी कस्बे का निवासी एक युवक संक्रमित मिला है। घनी आबादी क्षेत्र में उसका घर होने की वजह से उसे जगसड़ स्थिति कोविड केयर सेंटर भेजा गया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ केके रंजन ने बताया कि एंटीजन टेस्ट अभियान के तहत पलिया सीएचसी में बृहस्पतिवार को हुए एंटीजन टेस्ट के दौरान मैलानी कस्बे की मस्जिद के पास रहने वाला एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है। उसका घर घनी आबादी क्षेत्र में होने के कारण उसे जगसड़ स्थित कोविड केयर सेंटर भेजा गया है। सीएचसी क्षेत्र में अब तक कुल 15 मामले सामने आ चुके हैं। अधीक्षक ने बताया कि संक्रमित मिले व्यक्ति के संपर्क में आने वाले सभी व्यक्तियों के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जाएगी। संवाद