लखीमपुर खीरी। धौरहरा लोकसभा सीट पर नामांकन के सातवें दिन सात प्रत्याशियों ने नामांकन कराए। जिसमें ज्यादातर प्रत्याशी निर्दलीय हैं। अब तक नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों की संख्या 13 हो गई है, जबकि 27 संभावित उम्मीदवार नामांकन पत्र ले चुके हैं। नामांकन के आठवें दिन बुधवार को सार्वजनिक अवकाश पड़ने के चलते उम्मीदवारों के पास बृहस्पतिवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम अवसर शेष है।
कलक्ट्रेट में आरओ रवि रंजन और एआरओ दिग्विजय सिंह के समक्ष मंगलवार को भारतीय कृषक दल के प्रत्याशी मनोहर ने नामांकन दाखिल किया है, जो मैगलगंज क्षेत्र के बद्दापुर गांव के निवासी है। निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नवनीत किशोर शुक्ला ने नामांकन कराया है, जो पेशे से वकील और मितौली निवासी हैं। किसान मजदूर संघर्ष पार्टी से राजेश ने नामांकन कराया है, जो महोली क्षेत्र के गांव कुसैला निवासी हैं। निर्दलीय अखिलेश कुमार ने नामांकन दाखिल किया, जो मैगलगंज क्षेत्र के गांव पिपरी अजीज निवासी हैं। इसी तरह निर्दलीय गुलबहार खां ने नामांकन कराया है, जो मोहम्मदी क्षेत्र के गांव चठिया के निवासी हैं। भारतीय जनक्रांति दल से अजय वर्मा ने नामांकन किया है, जो हरगांव क्षेत्र के गांव परसेहरा सफीपुर के निवासी हैं। हिंदुस्तान निर्माण दल से बलजीत कौर ने नामांकन कराया है, जो मैगलगंज क्षेत्र के गांव अब्बासपुर की निवासी हैं।
आज नहीं होंगे नामांकन
बुधवार को महावीर जयंती का सार्वजनिक अवकाश होने के चलते नामांकन जमा नहीं किए जाएंगे। आरओ रवि रंजन ने बताया कि अंतिम दिन बृहस्पतिवार को अपराह्न तीन बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच करके नामांकन पत्र वापस लेने का समय दिया जाएगा, जिसके बाद प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी।