खीरी टाउन। खीरी थाना क्षेत्र के सैदीपुर हरैया के मजरा सुल्तानसिंह पुरवा की एक युवती सोमवार शाम से लापता है। तलाश करने पर मंगलवार सुबह उसकी चप्पलें और दुपट्टा रमही पुल के पास नहर किनारे बरामद हुआ। इससे परिवार वालों को आशंका है कि युवती ने गुस्से में आकर नहर में छलांग लगा दी है। युवती के भाई ने इस संबंध में खीरी थाने में तहरीर दी है।
सैदीपुर हरैया के मजरा सुल्तानसिंह पुरवा निवासी रोहित सिंह ने खीरी थाने में दी तहरीर में कहा कि उनकी 21 वर्षीय बहन सुरभि सिंह को मां ने किसी बात पर सोमवार की शाम पांच बजे फटकार लगाई थी, इससे नाराज होकर वह घर से चली गई थी। मंगलवार को सुबह तलाश कर रहा था तभी रमही पुल के किनारे उसकी चप्पल और दुपट्टा मिला। आशंका जताई जा रही है की सुरभि ने गुस्से में आकर नहर में छलांग लगा दी होगी। खीरी थाना प्रभारी चंद्रकांत सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर रोहित के गांव शादीपुर जाकर उसके परिवार से पूछताछ की है। तफ्तीश करने के बाद नहर में युवती को ढूंढने के लिए गोताखोर लगाए जाएंगे। फिलहाल मामला संदिग्थ लग रहा है।