मिड डे मील पंजिका पर बच्चों से कराए जाएंगे हस्ताक्षर
लखीमपुर खीरी। परिषदीय समेत जिन विद्यालयों में बच्चों को मिड-डे मील खिलाने की व्यवस्था हैं, उनमें बच्चों से एमडीएम पंजिका पर हस्ताक्षर कराए जाएंगे। इसके लिए अपर मुख्य सचिव डॉ. प्रभात कुमार के आदेश पर बीएसए बुद्ध प्रिय सिंह ने सभी बीईओ को निर्देश दिए हैं। कक्षा एक और दो के बच्चों को विशेष तौर पर हस्ताक्षर करना सिखाया जाएगा।
मिड-डे मील में गड़बड़ी किए जाने के मामले सामने आने के बाद इस पर अंकुश लगाने के लिए इसे सरकार का कदम माना जा रहा है। हालांकि अपर मुख्य सचिव ने जनपद बांदा में मिड-डे मील खाने वाले बच्चों से प्रतिदिन रजिस्टर में हस्ताक्षर कराए जाने का हवाला देते हुए इसे पूरे प्रदेश के सभी जिलों में लागू करने की बात कही है। बीएसए ने बताया है कि मिड-डे मील योजना से आच्छादित जनपद के सभी विद्यालयों में खाना खाने वाले बच्चों के रजिस्टर में हस्ताक्षर कराने के लिए बीईओ के माध्यम से निर्देश दिए गए हैं। कक्षा एक और दो के जो बच्चे हस्ताक्षर करने में असमर्थ हैं तो उन्हें हस्ताक्षर करना सिखाया जाएगा। नाम के पहले अक्षर को सिखाकर उसे ही हस्ताक्षर माना जाएगा। जो बच्चे अनुपस्थित रहते हैं, उन्हें उसी दिन स्कूल समाप्ति के पूर्व लाल स्याही से अनुपस्थित मार्क किया जाएगा। बीएसए ने बताया कि बच्चों के हस्ताक्षर कराने के लिए प्रारूप भी जारी किया गया है।