जंगबहादुरगंज (लखीमपुर खीरी)। पसगवां स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में तेज बुखार का प्रकोप फैल गया है। शनिवार की रात से लेकर रविवार की दोपहर तक 16 घंटे के अंतराल में 10 छात्राएं बुखार से पीड़ित मिलीं, जिनमें से पांच को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मालूम हो कि शनिवार को कक्षा आठ की छात्रा अंशु की तेज बुखार से मौत हो गई थी। तेज बुखार को लेकर विद्यालय में भय व्याप्त हो गया था। शनिवार की देर रात बा स्कूल की कक्षा छह की छात्रा रोली, अंजली, शाहिबा, काजल पुत्री रामकुमार, काजल पुत्री रामनरेश, शहनुमा और राखी तेज बुखार आने से बीमार पड़ गईं। इससे स्टाफ में अफरातफरी मच गई। शिक्षिका अस्मिता सिंह, अनीता आदि ने सभी बीमार छात्राओं को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से अंजली और काजल पुत्री रामनरेश को छोड़कर सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। छात्राओं में बुखार फैलने की जानकारी पर रविवार को बीएसए बुद्धप्रिय सिंह, बीईओ सुरेश पाल, बालिका शिक्षा समन्वयक रेनू श्रीवास्तव, एबीआरसी सतेंद्र बहादुर सिंह, अजय पाल ने भी सीएचसी पहुंचकर छात्राओं का हालचाल जाना। अधिकारियों के साथ ही जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. मोहित तिवारी ने रविवार को स्कूल में पंजीकृत 53 छात्राओं का परीक्षण किया। परीक्षण में शामिना, रोली और रोमा में तेज बुखार मिला। उनके साथ सीएचसी अधीक्षक डॉ. एचएन वरुण, फार्मासिस्ट रीतेश मिश्रा, राकेश मिश्रा, संजय खरे मौजूद रहे।
................
नेत्र वार्ड में हो रहा इलाज
कस्तूरबा की बीमार छात्राओं को चिल्ड्रेन वार्ड खाली न होने के कारण नेत्र् ावार्ड में भर्ती किया गया है। जहां कक्षा छह की छात्रा रोली (11) पुत्री राजपाल निवासी बीरमपुर, कक्षा सात की काजल(12) पुत्री रामकुमार यादव निवासी पसगंवा, कक्षा आठ की शहनुमा(13) पुत्री बाबू खान निवासी पसगंवा सहित कक्षा सात की राखी (12) पुत्री मोहित सिंह निवासी करमुलिया व कक्षा छह की शाहिबा (11) पुत्री अशफॉक निवासी पसगंवा का इलाज चल रहा है। छात्रा रोली ने बताया कि अचानक ठंड लगने लगी और तेज बुखार आया था। जिस पर इंचार्ज कुमारी रजनीश ने अस्पताल ले जाकर दवा दिलाई थी।
..........
बा स्कूल 27 तक बंद
जंगबहादुरगंज। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय को छात्राओं में बीमारी और व्याप्त भय के कारण 27 अगस्त तक लिए बंद कर दिया गया है। अभिभावक छात्राओं को लेकर अपने घर जा रहे हैं। यह जानकारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बुद्धप्रिय सिंह ने दी।