लखीमपुर खीरी। पोलियो अभियान के पिछले सत्र का भुगतान ना मिलने से आहत सदर ब्लॉक की आंगनबाड़ी वर्कर ने वृहस्पतिवार को एएनएम ट्रेनिंग सेंटर पर प्रदर्शन किया। वर्कर ने पिछला भुगतान ना मिलने पर दो जुलाई से शुरू हो रहे पोलियो अभियान का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।
दो जुलाई से पोलियो अभियान शुरू हो रहा है, जिसकी ट्रेनिंग वृहस्पतिवार को एएनएम ट्रेनिंग सेंटर पर शुरू हुई। ट्रेनिंग में पहुंची आंगनबाड़ी वर्कर ने सदर ब्लॉक प्रभारी व ट्रेनर डॉ. डीके वर्मा से पिछले सत्र की ड्यूटी का भुगतान मांगा, जिस पर उन्होंने पैसा खातों में भेजने का आश्वासन दिया। भुगतान के बजाय आश्वासन मिलने से गुस्साई वर्कर ने ट्रेनिंग का बहिष्कार कर दिया। बकाया भुगतान मिलने के बाद ही दो जुलाई से शुरू हो रहे अभियान में ड्यूटी करने की जिद पर अड़ गई। हालांकि एसीएमओ डॉ. बलबीर सिंह के आश्वासन पर वर्कर ट्रेनिंग में शामिल हुई। वर्कर का कहना था कि बजट होने के बाद भी अधिकारी भुगतान देने में आनाकानी करते हैं।
पिछले सत्र का भुगतान दिए जाने के लिए बजट एक माह पहले ही ब्लॉक प्रभारियों को दिया जा चुका है, यदि इसके बावजूद पेमेंट नहीं हुआ है तो यह गलत है। मामला संज्ञान में आया है जल्द ही भुगतान कराया जाएगा।
डॉ. बलबीर सिंह, एसीएमओ