एक्साइज, जीएसटी की
टीम का दो जगह छापा
- छापेमारी में क्या मिला, टीम ने नहीं दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
पलियाकलां।
एक्साइज और जीएसटी की टीम ने मंगलवार को पलिया में दो जगह छापेमारी की। उन्होंने सुर्ती (तंबाकू) की एजेंसी और गोदाम पर छापा मारा। टीम ने यहां पर एक पिकअप को भी रोका। कागज आदि चेक करने के बाद टीम सीधे गोदाम पर पहुंची और मालिक से बातचीत की। हालांकि इस छापेमारी में क्या मिला, इसके बारे में टीम ने किसी को कोई जानकारी नहीं दी। यहां तक कि स्थानीय पुलिस भी छापेमारी से अनजान है।
एक्साइज और जीएसटी की टीम ने पटिहन रोड पर स्थित एक सुर्ती एजेंसी पर जांच की। पड़ताल में क्या सामने आया? इस बारे में टीम ने किसी को कुछ नहीं बताया। यहां तक कि स्थानीय पुलिस को भी जानकारी नहीं दी गई। टीम के साथ जिले से महिला कांस्टेबिल भी आई थीं। करीब चार बजे टीम ने सुर्ती भरी एक पिकअप को भी रोका, उसके कागज आदि चेक करने के बाद टीम ने एजेंसी पर जाकर जांच की। इससे पहले टीम के कुछ सदस्य तहसील के सामने गली में भी एक दुकान पर छापेमारी के लिए पहुंचे थे। एजेंसी पर जाकर टीम ने स्टॉक आदि की जांच की। इस दौरान किसी बाहरी को भी प्रवेश नहीं दिया गया। टीम अंदर जांच करती रही। इसके बाद स्थानीय पुलिस को खबर हुई तब एसओ विपिन कुमार सिंह, एसएसआई रामसरन पांडेय मौके पर पहुंचे। टीम के साथ मौजूद सदस्यों ने उनको भी कुछ स्पष्ट रूप से नहीं बताया। जांच चलने की बात कहते हुए बाद में पूरी जानकारी देने की बात कही। इस पर पुलिस वापस लौट गई। टीम की छापेमारी से मोहल्ले में भी हड़कंप मचा रहा।