बांकेगंज। नेपाली पुलिस के प्रवक्ता द्वारा हिरासत में लिए गए दो डॉक्टरों और एक फार्मासिस्ट का नाम सार्वजनिक करने और अमर उजाला में छपी खबर पढ़कर सोमवार को सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने भी सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नेपाल में बंद अधीक्षक डॉ. सुशील कुमार, मेडिकल ऑफीसर डॉ. सावंत राव स्वामी और संविदा फार्मासिस्ट धर्मवीर के अलावा डॉ. राजेश बहादुर, ब्लॉक अकाउंट मैनेजर गुरविंदर मेड़वारी और बीसीपीएम अनिल पाल अनुपस्थित मिले। उन्होंने सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। इस तरह सीएमओ ने तीन डॉक्टर समेत छह का वेतन रोकने का आदेश दिया है। मालूम हो कि इससे पहले एसीएमओ के निरीक्षण में इस बात का खुलासा हुआ था कि दो डॉक्टर और एक फार्मासिस्ट लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं।
सोमवार दोपहर बांकेगंज सीएचसी पहुंचे सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर का मुआयना किया। इसमें तीन डॉक्टरों समेत छह लोग अनुपस्थित मिले। इसके बाद सीएमओ ने प्रसूता गृह, जच्चा-बच्चा वार्ड सहित अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। जहां पसरी गंदगी को देख नाराजगी जताते हुए साफ-सफाई के निर्देश दिए। इस दौरान आयोजित बैठक में सीएमओ ने कर्मचारियों की जमकर क्लास लगाई। उन्होंने डॉक्टरों और कर्मचारियों से 15 दिन के अंदर अस्पताल की बदहाल दशा में सुधार न होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। सीएमओ ने नवागत अधीक्षक डॉ. सुभाष वर्मा से ओपीडी के अलावा रात में इलाज के लिए अस्पताल आने वाले गंभीर मरीजों और प्रसूता महिलाओं को हर हाल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. बलवीर सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी हरिपाल तिवारी, फार्मासिस्ट चंद्रशेखर,सचिन वर्मा, राज कुमार आदि मौजूद रहे।
सीएमओ बोले, नेपाल में बंद डॉक्टरों की औपचारिक सूचना नहीं
सीएसची के औचक निरीक्षण पर पहुंचे सीएमओ डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल ने अमर उजाला को बताया कि नेपाल (धनगढ़ी) में बांकेगंज सीएचसी के दो डॉक्टरों और एक फार्मासिस्ट की गिरफ्तारी मामले में उनके पास कोई औपचारिक सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि अनुपस्थित छह लोगों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि वह यह भी कहते हैं कि इनमें से कुछ लोग फील्ड ड्यूटी पर हो सकते हैं, जिनका स्पष्टीकरण मिलने के बाद स्थिति साफ होगी।