लखीमपुर खीरी। बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए अच्छी खबर है। परीक्षा फार्म भरते समय यदि नाम की स्पेलिंग और जन्मतिथि आदि में कोई त्रुटि है तो उसमें अब संशोधन हो सकेगा। इसके लिए बोर्ड की वेबसाइट एक जनवरी से खुल जाएगी। संशोधन के दौरान पूरा नाम नहीं बदला जा सकेगा बल्कि स्पेलिंग आदि में ही सुधारा किया जा सकता है।
डीआईओएस डॉ. आरके जायसवाल ने बताया कि बोर्ड परीक्षा फार्म भरते समय विद्यार्थियों से कई गलतियां हुई हैं। कुछ विद्यार्थियों ने नाम की स्पेलिंग गलत कर दी है तो कुछ ने माता, पिता के नाम की स्पेलिंग एवं जन्मतिथि गलत भर दी थी। इन गड़बड़ियों को ठीक करने के लिए ही बोर्ड ने विद्यार्थियों को अंतिम मौका देते हुए एक जनवरी से वेबसाइट खोलने का निर्णय लिया है, जिससे इन गलतियों को सुधारा जा सके, जिससे अंकपत्र आदि पर किसी भी प्रकार की कोई त्रुटि न हो। उन्होंने बताया कि संशोधन में पूरा नाम नहीं बदल सकेगा, लेकिन यदि उसकी स्पेलिंग गलत है तो उसे ठीक किया जा सकेगा। डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि एक जनवरी को साइट खुलने के बाद विद्यार्थियों द्वारा भरे गए परीक्षा फार्म को भली भांति चेक कर लें और उनमें जो भी त्रुटि हो उसे ठीक करवा दें।