बिना लाइसेंस मीट की दुकानों
पर कार्रवाई से भगदड़
- 12 दुकानदारों के खिलाफ नोटिस जारी, दूषित मिला मांस
अमर उजाला ब्यूरो
धौरहरा।
कस्बा में मीट विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन और नगर पंचायत ने बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान दो दर्जन मीट विक्रेताओं की दुकानों से नमूने लिए गए। दुकानदारों को नियमानुसार दुकान बनाने के लिए चेतावनी दी गई। ईओ के मुताबिक इन दुकानदारों को नोटिस देकर जुर्माना वसूला जाएगा।
मीट बिक्री के लिए शासन से नए मानदंड तय होने के बाद कस्बा की बाजार में अवैध रूप से चलने वाली मीट की दुकानें प्रशासन ने हटवा दी थीं। फिर से दुकान शुरू करने के लिए इन्हें लाइसेंस प्रक्रिया से गुजरना था और तय मानदंडों के हिसाब से दुकान बनानी थी, लेकिन धौरहरा के किसी भी मीट विक्रेता ने लाइसेंस नहीं लिया। यह लोग बाजार से हटकर अपने मोहल्ले में घरों के सामने मीट की दुकानें चला रहे थे। इस संदर्भ में कई शिकायतें थाना दिवस और तहसील दिवस में आने के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने पहल की।
ईओ जितेंद्र कुमार के मुताबिक बुधवार शाम खाद्य एव औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी अमर सिंह वर्मा के नेतृत्व में विभाग का दल धौरहरा पहुंचा। अचानक हुई इस कार्रवाई से मीट विक्रेताओं में भगदड़ मच गई। कई दुकानदार दुकानें छोड़कर भाग गए। ईओ ने बताया कि यह दुकानें नाली के पास खुले में चलाई जा रही थीं और सभी का मीट दूषित पाया गया। करीब दो दर्जन दुकानों से नमूने लिए गए हैं। विभाग इन्हें नोटिस देकर जुर्माना वसूल करेगा।