ईसानगर। कस्बे में एक विवाहिता की उसके पति ने गला दबाकर हत्या कर दी। शव को उसके ही चार वर्षीय बेटे के साथ एक कमरे में बंद कर दिया और वहां से भाग निकला। बच्चा जब रोया-चिल्लाया तो पड़ोसी मौके पर आए और कमरा खोला तो शव देखकर हतप्रभ रह गए। पड़ोसियों ने मायके वालों और पुलिस को सूचना दी।
ईसानगर निवासी रूपा धानुक (25) के पति सुरेश की तीन साल पहले मौत हो गई थी। पति की मौत के एक साल बाद रूपा ने अपने पिता की सहमति से अपने चचेरे देवर सुमित से शादी कर ली। वह बतौर पत्नी उसके साथ रहने लगी। मृतका के पिता सुंदर लाल के मुताबिक शादी के बाद से ही सुमित आए दिन दहेज की मांग करने लगा। उसकी छोटी-मोटी मांग पूरी भी की पर कुछ दिन से सुमित और उसके परिवार वाले बाइक व आलमारी की मांग करने लगे। उनकी यह मांग पूरी न कर सका तो ससुराल वाले रूपा को मारने पीटने लगे। यह बात रूपा ने उन्हें बताई थी। आरोप है कि शुक्रवार अलसुबह तीन बजे सुमित ने अपने भाई मिट्ठू, छन्नू और पिता बंटू के साथ मिलकर रूपा को पीटा, फिर गला दबाकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं रूपा के चार वर्षीय बेटे रवि के साथ शव को कमरे में बंद कर फरार हो गए। पुलिस ने मृतका के पिता सुंदर लाल की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि गले और शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। इससे प्रतीत होता है कि गला दबाकर हत्या की गई है। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है।