सदर कोतवाली की शारदा नगर और सिंगाही में हुए अग्निकांड में जहां दो पशुओं की जिंदा जलकर मौत हो गई, वहीं दो पशु झुलस गए। पशुओं को बचाने के प्रयास में शारदानगर चौकी का एक सिपाही और सिंगाही में पशु पालक झुलस गया। झुलसे पशु पालक की हालत गंभीर है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शारदानगर। चौकी क्षेत्र के बड़ागांव निवासी सोबरनलाल गौतम अपने छप्परपोश घर में एक तरफ परिवार समेत रहते हैं। दूसरी तरफ पशुशाला है। बुधवार की रात करीब 11 बजे अज्ञात कारणों से घर में आग लग गई। आग लगने पर परिवार के लोग घर से बाहर भागे और शोर शराबा किया। गांव के लोग कुछ समझ पाते और मौके पर पहुंचते इससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया। शोर होने पर बड़ागांव चौराहे पर फोर्स के साथ मौजूद चौकी इंचार्ज पारसनाथ मौके पर पहुंचे। आग की लपटों को देख सिपाही कौशल और जावेद घर में बंधे जानवरों को बाहर निकालने लगे, लेकिन आग में एक बैल की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं सिपाही कौशल का हाथ भी झुलस गया। गृहस्वामी सोबरन ने बताया कि आग से गन्ना बेेचकर रखी 15 हजार की नकदी, 250 ग्राम चांदी समेत घर में रखा सारा सामान जल गया। चौकी इंचार्ज पारसनाथ ने पीड़ित को दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी है।
सिंगाही। नौरंगाबाद निवासी मोहम्मद वसीम ने बताया कि वह परिवार सहित घर में लेटे हुए थे। बुधवार रात करीब ढाई बजे अचानक उसका घर जलने लगा। आग की लपटे देखकर वह आनन- फानन में उठा और परिवार वालों को जगाया। जब तक वह सामान घर से बाहर निकाल पाता। आग ने विकराल रूप धारण कर पूरे घर को अपने आगोश में ले लिया। इस अग्निकांड में पांच हजार नकदी, राशन, कपड़ा, बर्तन, कृषि यंत्र समेत करीब करीब 50 हजार का सामान जलकर नष्ट हो गया। गोशाला में बंधे तीन मवेशी आग में झुलस गए, जिसमें से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। आग बुझाते समय शफीक(22) भी झुलस गया। किसी तरह से ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। पीड़ितों ने बताया कि सूचना के बाद भी राजस्व विभाग ने मौका मुआयना नहीं किया है।