लखीमपुर खीरी। जिला महिला अस्पताल में प्रसव के लिए आई गर्भवती महिला से स्टाफ नर्स ने पांच सौ रुपये ले लिए। इसका वीडियो वायरल होने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि सीएमएस ने जहां इस मामले की जानकारी होने से इनकार किया है, वहीं सीएमओ का कहना है कि गर्भवती महिलाओं से धन उगाही होना गंभीर मसला है। इसकी जांच कराई जाएगी।
कस्बा ओयल निवासी सचिन की 30 वर्षीय गर्भवती पत्नी लक्ष्मी को मंगलवार शाम प्रसव पीड़ा शुरू हो गई, जिस पर घरवालों ने 102 एंबुलेंस सेवा से पीड़िता को जिला महिला अस्पताल लाकर भर्ती करा दिया। पीड़िता के घरवालों का आरोप है कि प्रसव पीड़ा बढ़ने पर जब लेबर रूम में मौजूद स्टाफ को जानकारी दी तो मौजूद स्टाफ नर्स ने पांच सौ रुपये मांगे। पीड़िता की हालत गंभीर देेखते हुए रुपये दे दिए। घरवालों का कहना है कि अस्पताल तक लाने के लिए एंबुलेंस स्टाफ ने भी पचास रुपये ले लिए। रुपये मांगे जाने का वीडियो वायरल होने से महिला अस्पताल में हड़कंप मच गया। अस्पताल के लोग मामले को दबाने के लिए प्रसूता और उसके घरवालों पर दबाव बनाने लगे। वहीं एंबुलेस सेवा के प्रभारी रमाशंकर शुक्ला का कहना है कि जानकारी मिली है, जिसकी जांचकर कार्रवाई की जाएगी।
1. प्रसूता से रुपये लेने के मामले की जानकारी नहीं है। फिलहाल मैं कोर्ट में हूं, अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी करूंगी। वैसे पीड़ित परिवार को पैसे मांगे जाने की शिकायत करनी चाहिए थी, जिससे दोषी पर कार्रवाई की जा सके।
- डॉ. मीरा वर्मा, सीएमएस महिला अस्पताल
2. प्रसव कराने के नाम पर धन उगाही होने का मामला गंभीर हैं। इसकी जांच कराई जाएगी, जिससे पैसा वसूलने वालों पर कार्रवाई हो सके।
- डॉ. मनोज अग्रवाल सीएमओ