स्कूलों में आरटीओ ने छापा मारकर सीज किए पांच वाहन
दिल्ली जाने वाली दो बसों को भी किया सीज
तीन स्कूलों को खंड शिक्षा अधिकारी ने दी नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
निघासन। एआरटीओ, एसडीएम और बीईओ ने निघासन और सिंगाही के स्कूलों में छापामारी करके मानक विहीन पाए गए चार वाहनों को सीज कर दिया। बीईओ को शोभारानी में नर्सरी से कक्षाएं चलती मिलीं। इसके अलावा महारानी पब्लिक स्कूल में बोर्ड पर मार्डन स्कूल लिखा मिला। सिंगाही में एक स्कूल बिना मान्यता के चलते पाया गया, जिसके चलते तीनों स्कूलों को उन्होंने नोटिस जारी किए हैं।
एआरटीओ पीके सिंह एसडीएम अखिलेश यादव, खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) डीके वर्मा ने कस्बे के द्वारिका प्रसाद गायत्री इंटर कॉलेज, ओमसांई पब्लिक स्कूल, कुमारी शोभारानी और महारानी पब्लिक स्कूल में छापामारी की। इस दौरान शोभारानी स्कूल में एक बोलेरो मानक विहीन और अत्यंत जर्जर अवस्था में मिली। सरस्वती शिशु मंदिर की एक वैन मिली, जिसके मानक पूरे नहीं थे। एक और स्कूली वैन समेत तीन गाड़ियों को एआरटीओ ने सीज किया। इसके अलावा शोभारानी स्कूल में कक्षा छह से हाईस्कूल तक मान्यता है और स्कूल नर्सरी से चल रहा था। वहां पर कारण बताओ नोटिस देने के बाद टीम महारानी पब्लिक स्कूल पहुंची यहां बोर्ड मॉडल स्कूल के नाम से लगा था और कागजों में महारानी पब्लिक स्कूल लिखा था। वहां भी एक स्कूल के दो नामों के बारे में कारण बताओ नोटिस दी गई। उसके बाद सिंगाही में चल रहे ओरियंट पब्लिक स्कूल में छापामारी की। वहां पर दो गाड़ियां मानक विहीन मिली। दोनों को सीज किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी ने स्कूल की मान्यता के कागज मांगे। इस पर स्कूल प्रबंधन कोई भी कागज नहीं दिखा सका। उनको भी हिदायत दी गई। उसके बाद एआरटीओ ने दिल्ली जाने वाली दो प्राइवेट डग्गामार बसों को भी सीज किया। इस कार्रवाई से स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया है। एसडीएम अखिलेश यादव ने बताया कि नौ मई को स्कूलों में छापामारी करके मानक विहीन गाड़ियों को सीज करते हुए गाड़ियां बंद करने का आदेश दिया था। उसके बाद स्कूल प्रबंधन की एक बैठक भी की थी, जिसमें स्कूल के सभी प्रबंधकों और प्रधानाचार्य आदि ने मानक विहीन गाड़ी न चलाने का आश्वासन भी दिया था।