जुलूस-ए-मोहम्मदी 21 को, तैयारियां पूरी
लखीमपुर खीरी। अंजुमन गुलामाने सरकारे दो आलम की बैठक गोटैयाबाग में शब्बीर बाबा के आवास पर हुई। बैठक की सदारत अध्यक्ष इफ्तिखार अहमद जुबैरी ने की। इसमें आगामी 21 नवंबर को जुलूस-ए-मोहम्मदी को शानदार ढंग से मनाने पर विचार किया गया। तय किया गया कि जुलूस-ए-मोहम्मदी में जो लोग मोटर साइकिल का साइलेंसर खोलकर पटाखे दगाते हुए जुलूस में शामिल होते हैं उन्हें रोका जाएगा।
जुलूस-ए-मोहम्मदी पिछले साल की तरह इस साल भी अपने नियत मार्गों से गुजरेगा। जुलूस गोटैयाबाग मस्जिद के सामने से गोला रोड, श्रीकृष्णा टाकीज के सामने से होता हुआ संकटादेवी चौराहा, हरिजन बस्ती, हाथीपुर कोठार, मेला मैदान चौराहा पहुंचकर आनंद सिनेमा होते हुए इमली चौराहे पर पहुंचेगा। वहां से जीजीआईसी के सामने होता हुआ नसीरुद्दीन मौजी भवन के सामने से शाहपुरा कोठी चौराहा, हिदायतनगर चौराहा से प्यारेपुर कचहरी मस्जिद पहुंचेगा। वहां से डीसी रोड होते हुए सौजन्या चौराहा, गरुगोविंद सिंह चौक, रोडवेज बस अड्डा से मीनार मस्जिद चौराहा होते हुए थरवरनगंज के मैदान में पहुंचेगा। जहां एक जलसा सीरतुन नबी का आयोजन किया जाएगा। यहीं जलसे का समापन भी होगा।
इस बैठक में मोहम्मद जुबैर, मकसूद हुसैन बरकाती, हाफिज अशफाक, अहमद कादरी, रुखसार खां, मोहम्मद याहिया। मुनीर अहमद, आसिफ खां, डॉ. रियाजुल्ला खां समेत कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।