लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की पांच ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा।
योजना में प्रतिभाग करने के लिए 180 ग्राम पंचायतों ने हमारी पंचायत पोर्टल पर आवेदन किया था। इनमें से 12 ग्राम पंचायतों को सर्वाधिक अंक मिले हैं। अब इसमें से पांच ग्राम पंचायतों का चयन कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। डीएम ने सत्यापन के लिए समिति का गठन कर दिया है। डीपीआरओ विशाल सिंह ने बताया कि जिलास्तरीय समिति सभी 12 गांवों का सत्यापन करेगी। इनमें से पांच उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों के नाम का चयन कर जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा। इसके तहत प्रथम पुरस्कार 30 लाख, द्वितीय 20 लाख, तृतीय 15 लाख और चतुर्थ 10 लाख है।
-
सत्यापन के लिए यह अधिकारी नामित
जिला कार्यक्रम अधिकारी व जिला समाज कल्याण अधिकारी को ब्लाॅक कुंभी के गोला देहात, फूलबेहड़ के रेहुआ, नकहा के अमकोटवा, बीएसए व पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को कुंभी के बिलहरी, धौरहरा के बम्हौरी, नकहा के शैलगांव, जिला प्रोबेशन अधिकारी व जिला कृषि अधिकारी को बांकेगंज के अलीगंज, बेहजम के जाम मुबारकपुर, कोरैया मुफार्ट और जिला पूर्ति अधिकारी व सहायक निदेशक मत्स्य को बेहजम के बहानीपुर, अछनिया, बिजुआ के लगुचा की जिम्मेदारी सौंपी है।