लखीमपुर खीरी। पांचवें चरण में धौरहरा लोकसभा सीट के लिए मतदान सोमवार को हुआ। सुबह के चार घंटे तक मतदान तेज गति से हुआ उसके बाद रफ्तार सुस्त पड़ गई। सुबह सात बजे से 11 बजे तक 28.38 प्रतिशत वोटिंग हुई। इसके बाद शाम पांच बजे तक 31 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर बाद कम वोटिंग की वजह गर्मी को माना जा रहा है।
पांच विधानसभा धौरहरा, कस्ता, मोहम्मदी, हरगांव और महोली में सुबह सात से नौ बजे तक 11.13 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसके बाद 11 बजे तक 28.38 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद गर्मी और तेज धूप के चलते बूथों पर सन्नाटा होने लगा। नतीजतन एक बजे तक 38.59 प्रतिशत वोट पड़ा। इसके दो घंटे बाद यानी तीन बजे तक 49.16 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम पांच बजे तक 59.38 प्रतिशत मतदान हो सका। सुबह के चार घंटों में जहां 28.38 प्रतिशत वोट पड़े, लेकिन 11 बजे के बाद छह घंटों में सिर्फ 31 प्रतिशत वोट डाले गए। दोपहर बाद मतदान की सुस्त रफ्तार से जिला प्रशासन की मंशा पर पानी फिरता नजर आया, क्योंकि डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने मतदाता जागरूकता अभियान के जरिये शत प्रतिशत मतदान की अपील कराई और 75 प्रतिशत मतदान कराने का लक्ष्य रखा था। इसके बावजूद अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाई।
विधानसभा मतदान प्रतिशत (पांच बजे तक)
धौरहरा 56.88
कस्ता 62.37
मोहम्मदी 62.16
महोली 55.0
हरगांव 61.0
धौरहरा के प्रत्याशियों में सिर्फ रेखा ने डाला वोट
लखीमपुर खीरी। धौरहरा लोकसभा सीट सभी दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है। 23 मई को नतीजे आने के बाद परिणाम चाहे कुछ भी हो, लेकिन मतदान के मामले में सिर्फ भाजपा प्रत्याशी रेखा वर्मा ने ही अपना वोट डाला। गठबंधन प्रत्याशी अरशद सिद्दीकी, कांग्रेस प्रत्याशी जितिन प्रसाद, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मलखान सिंह बाहरी क्षेत्र के होने के कारण मतदान नहीं कर सके।