श्रम और राजस्व सचिव ने मोहम्मदी के कार्यालय देखे
मोहम्मदी। उत्तर प्रदेश के श्रम एवं राजस्व सचिव ने मोहम्मदी के कई कार्यालयों, सीएचसी और क्षेत्र के आदर्श गांव मियांपुर का दौरा किया। उन्होंने विकास कार्यों के बाबत जानकारी ली और अधूरे पड़े कामों को शीघ्र पूरे करने के निर्देश दिए। सीएचसी में वैक्सीन की कमी, बंद एक्सरे मशीन पर रोष जताया। सबसे पहले सचिव सुरेश चंद्रा एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने विरासत, पट्टे की फाइलें और शिकायतों की समीक्षा की। लेखाकार विभाग में कार्यालय का रख रखाव देखा। वहां मौजूद एसडीएम बीडी वर्मा को विरासत की फाइलों का निपटारा कैंप लगाकर करने और पट्टों पर कब्जा दिलाने का निर्देश दिया।
सचिव का काफिला ब्लॉक कार्यालय पहुंचा। वहां तालाबों की स्थिति, ओडीएफ गांव और प्रधानमंत्री आवास योजना की बाबत पूछा। वहां मौजूद बीडीओ एके सिंह से कहा कि जो गांव ओडीएफ हो चुके हैं वहां शौचालय अपूर्ण हैं उन्हें तत्काल पूर्ण किए जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा की और गुणवत्तापरक कार्य करने के निर्देश दिए। अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा। सचिव ने ब्लॉक द्वारा गांवों में कराए गए पौधरोपण की भी जानकारी की और उनकी सुरक्षा के बाबत पूछा। इस पर बीडीओ बगले झांकते मिले। सचिव चंद्रा प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह के अनुरोध पर कोतवाली आए जहां उन्हें गार्ड आफ आनर दिया गया। उन्होंने वहां क़ंप्यूटर कक्ष, कार्यालय अभिलेख, बंदी गृह आदि रख रखाव देखा और संतोष जताया। कैमरे की निगरानी में पूरी कोतवाली देखकर सचिव खुश दिखे, फिर उन्होंने प्रभारी निरीक्षक का कार्यालय देखा और शिकायती रजिस्टर मांगा वहां उन्हें शत प्रतिशत प्रार्थना पत्र निस्तारित मिले। सचिव ने कोतवाली देखकर कहा कि पूरे प्रदेश में ऐसी कोतवाली नहीं है।
सचिव दल बल के साथ सीएचसी मोहम्मदी पहुंचे। वहां उन्होंने एक्सरे मशीन बंद देखी तो रोष जताया। स्टॉक में कुत्ते और सांप काटे के इंजेक्शन के बारे में पूछा तो उन्हें बताया गया कि स्टॉक उपलब्ध है। सचिव ने एक्स रे मशीन बदलवा कर नई का प्रस्ताव भेजने को कहा। फिर वे प्रसवगृह पहुंचे जहां गंदगी देखकर सचिव नाखुश दिखे। उन्होंने मरीज रजिस्टर का भी निरीक्षण किया। सीएचसी अधीक्षक सुरेंद्र कुमार ने डाक्टरों की कमी बताई और एक फिजीशियन की मांग की। इस पर प्रस्ताव भेजने को कहा। इसके बाद सचिव का काफिला मियांपुर गांव की ओर रवाना हो गया। जहां उन्होंने रास्ते में पड़े स्कूल शाहपुर राजा का निरीक्षण किया।
सचिव जिले के श्रेष्ठ और आदर्श गांव मियांपुर पहुंचे जहां प्राथमिक स्कूल के बच्चों ने स्वागत गान से उनका स्वागत किया। अंग्रेजी माध्यम के स्कूल का विधिवत निरीक्षण किया। बच्चों से अंग्रेजी में कविता, दस तक अंग्रेजी में पहाड़े पूछे और बच्चों से सीधे संवाद किया, बच्चों के उत्तर से सचिव संतुष्ट दिखे। सचिव ने पूरे गांव का भ्रमण किया। मोहम्मदी वापस आने पर पॉलिटेक्निक कॉलेज का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर सीडीपीओ अनिल कुमार, सीओ गोला अभिषेक कुमार, एसडीएम बीडी वर्मा, तहसीलदार विकासधर दुबे, नायब तहसीलदार ओपी मिश्रा, बीईओ जगन्नाथ यादव, ईओ डॉ डीके राय, बीडीओ एके सिंह, जेई सतीश चंद्र मौर्य आदि अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।