लखीमपुर खीरी। सीतापुर मैलानी के बीच ब्रॉडगेज की पैकिंग का कार्य शुरू हो गया है। शुक्रवार को कार्यदायी संस्था के लोगों ने लखीमपुर और देवकली स्टेशन के बीच ट्रैक की पैकिंग का कार्य कराया।
ऐशबाग मैैलानी रूट पर ऐशबाग सीतापुर के बीच अमानपरिवर्तन का काम पूरा हो चुका है। इस रूट पर सिर्फ केंद्रीय सतर्कता टीम का निरीक्षण करना बाकी है। ऐशबाग सीतापुर रूट का काम पूरा होने के बाद कार्यदायी संस्था ने सीतापुर मैलानी के बीच बिछाए गए रेलवे ट्रैक की पैकिंग का काम शुरू करा दिया है। जिसके चलते शुक्रवार को पैकिंग मशीन एक बोगी के साथ लखीमपुर स्टेशन पहुंची और उसके बाद ट्रैक पैकिंग का काम शुरू हो गया। शुक्रवार को कार्यदायी संस्था के लोगों ने लखीमपुर और देवकली के बीच ट्रैक को दुरस्त कर कर उसकी पैकिंग (पटरी पर बैलास्ट डालने का कार्य ) कराई। स्टेशन पर ब्रॉडगेज की मशीन और उसके साथ आई एक बोगी लोगों में कौतूहल बनी रही।
सीतापुर मैैलानी रूट पर ट्रैक की पैकिंग का काम शुरू हो गया है, जिससे जल्द से जल्द इसे दुरूस्त कराया जा सके, क्योंकि होली तक इस रूट पर ट्रेनों का संचालन शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।
आलोक कुमार, जनसंपर्क अधिकारी पूर्वोत्तर रेलवे,लखनऊ मंडल