चौकी इंचार्ज की जीप के सामने बाघ ने लगाई छलांग, हड़कंप
बस्तौली से वापस लौट रहे थे बिजुआ चौकी इंचार्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुलरिया (लखीमपुर खीरी)। बस्तौली से शनिवार की रात करीब नौ बजे गश्त करके लौट रहे बिजुआ चौकी पुलिस की जीप के सामने बाघ ने छलांग लगा दी, इससे पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया।
उत्तर खीरी वन प्रभाग की बिजुआ बीट में हफ्ते भर से बाघ ने डेरा डाल रखा है। वह आसपास के क्षेत्र में चक्कर लगा रहा है। बिजुआ चौकी इंचार्ज सुनीत कुमार ने बताया कि वह शनिवार की रात करीब नौ बजे गश्त करके बस्तौली से वापस बिजुआ आ रहे थे। बस्तौली और बिजुआ के बीच काली माता मंदिर के पास बरौंछा नाला के पुल पर बाघ छलांग लगाकर सड़क के दूसरे किनारे पर पहुंचकर गन्ने के खेतों में चला गया। इस दौरान जीप में सवार पुलिसकर्मी दहशत में आ गए। बतादें कि हफ्ते भर पहले बस्तौली के पूर्व प्रधान के खेत में गन्ने की पत्ती काट रहे मजदूरों को बाघ दिखाई दिया था। मजदूरों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई थी। दस दिन पहले तिखडा निवासी तरनदीप सिंह के गन्ने के खेत में नीलगाय का शिकार किया था। गांव तिखडा पकरिया, दोलतापुर, डुडवा, नौसरजोगी, बस्तौली, मुड़िया हेमसिंह, रामनगर, रैनागंज, डिमरौल आदि गांवों में बाघ की दहशत के कारण लोग खेतों में काम करने नहीं जा रहे हैं।