लखीमपुर खीरी/ममरी। बिहारीपुर फार्म के दक्षिण क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में बाघ व तेंदुए की तस्वीर कैद होने और खेतों में पगचिह्न मिलने से क्षेत्रवासियों में दहशत है। बाघ और तेंदुए के पगचिह्न मिलने की पुष्टि रेंजर एसएन यादव ने भी की है।
बिहारीपुर फार्म के राजपाल सिंह, हरविंदर सिंह, इंद्रजीत सिंह, हरप्रीत सिंह आदि का कहना है कि शनिवार सवेरे फार्म के दक्षिण कठिना नदी के पास लगे कैमरे के सामने खेतों में बाघ और तेंदुए के छोटे-बड़े पगचिह्न मिलने से क्षेत्रवासियों में फिर दहशत फैल गई है। मजदूरों ने गन्ने की छिलाई बंद कर दी है, जिस स्थान पर कैमरा लगा हुआ है वहां से बिहारीपुर फार्म और भुइयां देवी मंदिर की दूरी एक किलोमीटर बताई गई है। रेंजर का कहना है कि खेत जंगल से सटे होने से बाघ वहां पहुंच सकता है, जिससे सतर्क रहने की जरूरत है।